newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

भाजपा कार्यकर्ताओं को PM मोदी ने दिए सात मंत्र, कहा- हमारे लिए संगठन चुनाव जीतने की मशीन नहीं

इससे पहले भाजपा की 7 प्रदेश इकाइयों ने लॉकडाउन के बीच किए गए सेवा के कामों की रिपोर्ट प्रधानमंत्री मोदी के सामने पेश की। इन राज्यों में राजस्थान, बिहार, दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और असम शामिल थे।

नई दिल्ली। शनिवार को पीएम मोदी ने ‘सेवा ही संगठन’ कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी ली और उन्‍हें संगठन में काम करने के सात मंत्र भी दिए। पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना संकट में हमारा सेवा का यह महायज्ञ रुकना नहीं चाहिए।

PM Narendra Modi

संगठन केवल चुनाव जीतने की मशीन नहीं

पीएम मोदी ने कहा कि जिस पार्टी के इतने सांसद हों, हजारों विधायक हों, फिर भी वह पार्टी और उसका कार्यकर्ता सेवा को प्राथमिकता दे, सेवा को ही अपना जीवन मंत्र माने, भाजपा के कार्यकर्ता के नाते मुझे बहुत गर्व होता है कि हम सब ऐसे संगठन के सदस्य हैं। हमारे लिए हमारा संगठन चुनाव जीतने की सिर्फ मशीन नहीं है, हमारे लिए हमारा संगठन का मतलब है ‘सेवा’… हमारे लिए हमारे संगठन का मतलब है- ‘सबका साथ’… हमारे लिए हमारे संगठन का मतलब है- ‘सबका सुख, सबकी समृद्धि’… हमारा संगठन समाज हित के लिए काम करने वाला है।

सत्ता को अपने लाभ का माध्यम नहीं बनाया

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनसंघ और भाजपा के जन्म का मूलतः उद्देश्य ही यही था कि हमारा देश सुखी कैसे बने, समृद्ध कैसे बने। इसी मूल प्रेरणा के साथ, भारतीयता की प्रेरणा के साथ, सेवा की भावना के साथ हम राजनीति में आए। हम लोगों ने राजनीति में सत्ता को सेवा का माध्यम माना। हमने कभी भी सत्ता को अपने लाभ का माध्यम नहीं बनाया। निःस्वार्थ सेवा ही हमारा संकल्प रहा है और यही हमारे संस्कार रहे हैं।

दूसरों की सेवा का सुख ही हमारा संतोष 

पीएम मोदी ने कहा कि एक आफत आई तो आपने उसको अवसर में बदल दिया। अवसर ये कि आप ज्यादा से ज्यादा लोगों की सेवा कर सकें, ज्यादा से ज्यादा लोगों की तकलीफ कम कर सकें, उन्हें इस मुसीबत से उबार सकें। जिसकी हम सेवा करते हैं, उसका सुख ही हमारा संतोष है। इसी भावना से गरीबों के प्रति, इसी समभाव और ममभाव से हमारे कार्यकर्ताओं ने इतने कठिन समय में सेवा ही संगठन का इतना बड़ा अभियान चलाया है। दुनिया की नजरों में आप कोरोना काल में काम कर रहे थे लेकिन मैं अपनी बात करूं तो आप खुद को कसौटी पर कस रहे थे। आप अपने आदर्शों के बीच खुद को तपा रहे थे।

Modi Sham 4 bje

पीएम मोदी ने दिए 7 मंत्र

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने साथ- Seven ‘S’ की शक्ति लेकर आगे बढ़ना चाहिए।  1- सेवाभाव, 2- संतुलन, 3- संयम, 4- समन्वय, 5- सकारात्मकता, 6- सद्भावना, 7- संवाद..। उन्‍होंने कहा कि इन दिनों इस कोरोना की लड़ाई में भरपूर रूप से इसका प्रभाव दिखाई दिया है। हमारे समाज में दूसरों के लिए कुछ करने की, सेवा भाव की बहुत बड़ी ताकत है। हमें समाज की इस ताकत को पूजने का कोई अवसर छोड़ना नहीं चाहिए। आपको संतोष होना चाहिए कि समाज ने हम सबको इस काम के लिए चुना है। सेवा करने के लिए ईश्वर ने हमें राह दिखाई है।

BJP Program

पीएम मोदी बोले- आगे भी जारी रखें यही सेवाभाव 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मुश्किल वक्‍त में लोगों की मदद करने में कोई कमी नहीं रखी। मुझे पार्टी कार्यकर्ताओं पर पूरा भरोसा है कि वे आने वाले दिनों में भी ऐसे ही जी जान से लगे रहकर लोगों की मदद का काम करते रहेंगे। लॉकडाउन के दौरान बिहार में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए राहत कार्यों को देखने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यूपी और बिहार जैसे राज्यों में चुनौतियां बहुत हैं। आप लोगों ने बीड़ा उठाया है कि हमारे जो श्रमिक भाई बहन वापस आए हैं उनकी मदद करने में कोई कमी नहीं रखेंगे।

सत्ता में हों… ना हों लेकिन जारी रहे सेवा का यह जज्‍बा

राजस्‍थान में पार्टी कार्यकर्ताओं के किए गए कार्यों से अवगत होने के बाद पीएम मोदी ने अपने संबोधन में उनके प्रयासों की तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्‍थान के कार्यकर्ताओं ने लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जरूरतमंदों को काफी मदद पहुंचाई है। राजस्थान भाजपा ने दिखाया है कि कैसे हम लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो सकते हैं, भले ही हम सत्ता में हों या सत्ता से बाहर… यह वाकई बहुत प्रेरणादायी है।

PM Narendra Modi

इससे पहले भाजपा की 7 प्रदेश इकाइयों ने लॉकडाउन के बीच किए गए सेवा के कामों की रिपोर्ट प्रधानमंत्री मोदी के सामने पेश की। इन राज्यों में राजस्थान, बिहार, दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और असम शामिल थे। कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने लाखों जरूरतमंदों को भोजन पहुंचाया। प्रवासी श्रमिकों को खाना, जूते-चप्पल, मास्क, सैनिटाइजर और महिलाओं को सैनेटरी पैड उपलब्ध कराए। दिल्ली के कार्यकर्ता ने बताया कि उन्होंने मतभेदों को भूलकर कांग्रेस के नेता अधीर रंजन के एक ट्वीट पर लॉकडाउन में फंसे बंगाल के लोगों को मदद पहुंचाई। प्रधानमंत्री मोदी ने इन सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।