newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

दिल्ली-एनसीआर में उमस का सिलसिला जारी, इन राज्यों में आज तेज बारिश की संभावना

दिल्ली-एनसीआर में उमस का सिलसिला जारी है। वहीं कुछ राज्यों में आज तेज बारिश के आसार हैं जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। आईएमडी के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी भारत में अगले पांच दिनों तक व्यापक बारिश होने की संभावना है।

नई दिल्ली। देश के कुछ राज्यों में आज तेज बारिश के आसार हैं जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों में हरियाणा के करनाल, यूपी के नजिबाबाद, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, खतौली, हस्तिनापुर और चांदपुर में गरज के साथ बारिश हो सकती है।

इस बीच दिल्ली-एनसीआर में उमस का सिलसिला जारी है। लोग भारी गर्मी और उमस से बेहाल हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले तीन-चार दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। आईएमडी के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी भारत में अगले पांच दिनों तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर बिहार में मानसून 3 जुलाई तक सक्रिय रहेगा।

इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ ही वज्रपात की भी संभावना जताई है। बिहार में इस बार मानसून समय से तीन दिन पहले आया है और अभी तक राज्य में सामान्य से 92 फीसदी अधिक बारिश हुई है। इसके साथ ही मध्य भारत में मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। मध्य भारत के साथ पश्चिमी तटीय इलाकों में बारिश की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही है।

महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और गोवा के तटीय भागों में खासतौर पर बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं। ऐसे में मध्य भारत के भागों में महाराष्ट्र में अधिकांश जगहों पर बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। अगले चौबीस घंटे में गुजरात में बारिश के आसार हैं। केरल और दक्षिण तमिलनाडु में बारिश की संभावना कम है। हालांकि कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।