जो काम देश के दुश्मन नहीं कर पाए वो काम आज नरेंद्र मोदी कर रहे हैं – राहुल गांधी
नई दिल्ली। नागरिकता कानून को लेकर देशभर में हो रहे विरोध के बीच कांग्रेस की तरफ से भी दिल्ली में राजघाट पर ‘सत्याग्रह’ कार्यक्रम के जरिए विरोध जताया गया। इस सत्याग्रह में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी के साथ-साथ पार्टी के तमाम बड़े नेता शामिल हुए।
सत्याग्रह के मंच से राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि, जनता की आवाज ने अंग्रेजों को प्यार से शांति से भगाया। इसी आवाज ने भारत की अर्थव्यवस्था को बनाया। उस आवाज के बिना हिंदुस्तान नहीं रहेगा। देश के दुश्मनों ने इस आवाज को दबाने की कोशिश की। इन दुश्मनों ने देश की अर्थव्यवस्था को तोड़ने की कोशिश की लेकिन जनता की आवाज ने ऐसा नहीं होने दिया।
पीएम मोदी पर हमला
राहुल ने कहा, ‘जो काम देश के दुश्मन नहीं कर पाए वो काम आज नरेंद्र मोदी पूरे दम लगाकर करने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी कोशिश है कि हमारी उन्नति नष्ट हो जाए और देश की आवाज शांत हो जाए। नरेंद्र मोदी जब न्यायपालिका पर दबाव डालते हैं तो वो देश की आवाज को चोट पहुंचाते हैं। जब वो छात्रों पर गोली चलवाते हैं तब वो देश की आवाज को शांत करवाने की कोशिश करते हैं। जब वो पत्रकारों को डराते हैं तो देश की आवाज को डराने की कोशिश करते हैं।’
पीएम मोदी के कपड़ों पर बयान
राहुल ने कहा, ‘जहां तक कपड़ों की बात है, पूरा देश आपको आपके कपड़ों से पहचानता है। 2 करोड़ का कपड़ा आपने पहना था, आप बताइए, अर्थव्यवस्था कैसे चौपट हो गई, युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिल रहा है। आप इन सबमें फेल रहे तो भारत को बांटने का काम शुरू कर दिया।’
RSS पर लगाया निशाना
राहुल ने कहा, ‘आप सिर्फ एक काम कर सकते हो, सालों से आपको आपके संगठन ने सिखाया है और इस काम को आपसे बेहतर कोई नहीं कर सकता। वो काम ये है कि हिंदुस्तान को कैसे बांटा जाए। देश में नफरत फैलाई जाए, कैसे तोड़ा जाए। ये आपको सालों से सिखाया गया है।’