Kheti Bachao Yatra: 23 अरबपतियों की नजर है किसानों की जमीन और फसल पर- राहुल गांधी

Kheti Bachao Yatra : नए कृषि कानूनों (Agricultural laws) खिलाफ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पंजाब (Punjab) के किसानों और जनता के लिए अपना संबोधन शुरू कर दिया हैं। उन्होंने कृषि कानूनों को किसानों के साथ धोखा करार दिया है।

Avatar Written by: October 4, 2020 2:22 pm
rahul gandhi2

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों (Agricultural laws) खिलाफ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पंजाब (Punjab) के किसानों और जनता के लिए अपना संबोधन शुरू कर दिया हैं। वो आज ट्रैक्टर मार्च (Tractor March) के लिए चॉपर से मोगा पहुंचे। रैली स्थल पर पंजाब के कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत पहले से मौजूद हैं। खास बात यह है कि राहुल के मंच पर नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Siddhu) भी मौजूद हैं। इसके अलावा मंच पर कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh), प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, वित्त मंत्री मनप्रीत बादल, हरियाणा के राज्यसभा सदस्य दीपेंदर हुड्डा भी मौजूद हैं।

rahul gandhi

कृषि कानूनों को राहुल गांधी ने किसानों के साथ धोखा करार दिया है। उन्होंने कहा कि इन कानूनों की मदद से 23 अरबपतियों की नजर किसानों की जमीन और फसल पर है। राहुल गांधी ने कहा कि वर्तमान सिस्टम में कुछ खामियां हैं। इन्हें बदलने की आवश्यकता है, लेकिन इसे नष्ट करने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे नष्ट करना चाहते हैं।

राहुल गांधी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी जमीन और आपका पैसा हिंदुस्तान के 2-3 सबसे अरबपति चाहते हैं। पुराने जमाने में कठपुतली का खेल होता था। पीछे से कोई उसे चलाता था। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ये मोदी सरकार नहीं ये अंबानी और अडाणी की सरकार, अंबानी और अडाणी मोदी जी को चलाते हैं। उन्होंने कहा कि हम किसानों के साथ खड़े हैं और एक इंड भी पीछे नहीं हटेंगे।

punjab protest

पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि कानून किसानों पर मार है। केंद्र सरकार के इन कानूनों से किसान बुरी तरह प्रभावित होगा। उन्होंने राहुल से कहा कि वह पूरे देश के किसानों को केंद्र के इस काले कानून के खिलाफ एकजुट करें। पूरा पंजाब उनके साथ है।

इसके अलावा नवजोत सिंह सिद्धू ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं। किसानों के खिलाफ कोई भी कदम कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस पर भी निशाना साधा। सिद्धू ने कहा कि जब हिमाचल की सरकार सेब पर एमएसपी दे सकती है, तो पंजाब सरकार अपनी एमएसपी क्यों नहीं दे सकती है। सिद्धू ने कहा कि पंजाब दाल और तिलहन को इंपोर्ट करता है। किसान उसे क्यों नहीं उपजा सकता।