बिहार बाढ़ पीड़ितों के लिए युग संस्कृति न्यास संस्था द्वारा भेजी गई राहत सामग्री

बिहार में आई भीषण बाढ़ से बेघर हुए लोगों के लिए दो ट्रक राहत सामग्री भेजी गई। जो बिहार स्थित संस्था के चार प्रमुख केंद्रों मोतिहारी, दरभंगा, पूर्णिया एवं मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।

Avatar Written by: August 8, 2020 9:20 pm
Yug Sanskriti Nyas Flood Relief Drive Bihar

नई दिल्ली। बिहार में बाढ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया है। राज्य में सभी नदियां उफान पर है। लाखों की संख्या में लोग बेघर हो गए हैं। बाढ़ ने ऐसा तांडव मचाया है कि बिहार के कई जिलों के गांव और शहर जलमग्न हो गए हैं। इस सब के बीच कई संस्थाएं बाढ़ प्रभावित बिहार के लोगों के लिए राहत सामग्री भेज रही हैं। इसी क्रम में ‘युग संस्कृति न्यास’ के बाराखंभा स्थित मुख्य कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसके बाद बिहार में आई भीषण बाढ़ से बेघर हुए लोगों के लिए दो ट्रक राहत सामग्री भेजी गई। जो बिहार स्थित संस्था के चार प्रमुख केंद्रों मोतिहारी, दरभंगा, पूर्णिया एवं मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। यह राहत सामग्री यहां से सभी बाढ़ प्रभावित जिलों तक पहुंचाई जाएगी।

Yug Sanskriti Nyas Flood Relief Drive Bihar

इन ट्रकों को युग संस्कृति न्यास के संचालक आचार्य धर्मवीर एवं एनडीआरएफ के पूर्व डीजी संजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान संस्था के ट्रस्टी अमरेंद्र कुमार, अमित रॉय, विकास मणि, डॉ रजनीश, इंजीनियर संजीव सिंह, जयमंगला कावर फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश राज, जे के अग्रवाल, समेत संस्था के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

युग संस्कृति न्यास द्वारा भेजे गए राहत सामग्री में चिउड़ा-पोहा, गुड़, भुना हुआ चना, बिस्किट, मोमबत्ती, माचिस, ओआरएस, मॉर्टिन, पानी साफ करने वाला टैबलेट, सैनिटरी नैपकिन, मास्क, साबुन, मच्छरदानी, चप्पल, आदि सामग्री शामिल है।

Yug Sanskriti Nyas Flood Relief Drive Bihar

इस दौरान युग संस्कृति न्यास के संस्थापक आचार्य धर्मवीर ने कहा कि बिहार में आई भीषण बाढ़ की वजह से लाखों लोग बेघर होकर सड़क के किनारे और अन्य जगहों पर रहने के लिए मजबूर हैं। ये लोग खाने पीने से लेकर अन्य प्रकार की समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में बिहार के बाढ़ प्रभावित जिलों से सैकड़ों लोगों ने संस्था के स्वयंसेवकों को मदद करने का आह्वान किया। जिसे देखते हुए हमने राहत सामग्री भेजने का निर्णय लिया।

उन्होंने बताया कि वे खुद बाढ़ प्रभावित लगभग सभी जिलों के जिलाधिकारियों एवं एसपी से सम्पर्क में हैं और इस राहत कार्य में उनका भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।

Yug Sanskriti Nyas Flood Relief Drive Bihar

उन्होंने बताया कि युग संस्कृति न्यास के समाजसेवी पहले से ही बिहार के मोतिहारी, दरभंगा, पूर्णिया, और मुजफ्फरपुर केंद्रों से बाढ़ प्रभावित सभी जिलों में युद्ध स्तर पर राहत कार्य में लगे हुए हैं और लोगों को खाना खिलाने समेत अन्य मदद पहुंचा रहे हैं।

आचार्य धर्मवीर ने कहा कि इस कार्य को आगे बढ़ाते हुए अगले दस दिन के अंदर और 10 से 12 ट्रक बिहार भेजने की योजना है। साथ ही हमने बिहार में बाढ़ खत्म होने के बाद लोगों के पुनर्वास में मदद करने की भी योजना बनाई है। आचार्य धर्मवीर ने बताया कि समाजसेवी संगठन आईना की संचालिका अवनी गुप्ता, जनमन के संचालक शौर्या रॉय व योगेश गुप्ता आदि लोगों का सहयोग हमारे कार्यों को आगे बढ़ाने में विशेष मदद कर रहा है।

Yug Sanskriti Nyas Flood Relief Drive Bihar

एनडीआरएफ के पूर्व डीजी संजय कुमार ने इस मौके पर कहा कि युग संस्कृति न्यास के स्वयंसेवी स्थानीय प्रसाशन और समाजसेवियों के साथ मिलकर वहां के लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझ रहे हैं और वहां की आवश्यकताओं को हमें बता रहे हैं। जिसके समाधान के लिए हम यहां से संसाधन भेज रहे हैं। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने लोगों का आह्वान किया कि वह भी बिहार के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं।