newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Congress Woes: गांधी परिवार के सामने मुश्किलों का अंबार, अब कांग्रेस में फंसे इस पेच से सोनिया परेशान

बीते दिनों हुए 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद अब तक अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी इन राज्यों में नए कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं कर सकी हैं। वहीं, कांग्रेस के स्थायी अध्यक्ष की मांग जोर पकड़ती जा रही है।

नई दिल्ली। कांग्रेस चलाने वाले गांधी परिवार के सामने मुश्किलों का दौर खत्म नहीं हो रहा है। बीते दिनों हुए 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद अब तक अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी इन राज्यों में नए कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं कर सकी हैं। वहीं, कांग्रेस के स्थायी अध्यक्ष की मांग जोर पकड़ती जा रही है। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक ऐसे में सोनिया गांधी ने नाराज नेताओं को मनाने की तैयारी की है। ताकि अगले साल होने वाले कई राज्यों के चुनाव से पहले सारा मामला शांत हो जाए और कांग्रेस फिर से एकजुट दिखे, लेकिन पेच ऐसा फंसा है कि सोनिया गांधी परेशान हैं।

congress 123

कांग्रेस की एकजुटता दिखाने के लिए सोनिया ने पिछले कुछ दिनों में पार्टी के कई असंतुष्ट नेताओं से मुलाकात की है। अन्य नेताओं से भी वो जल्दी मुलाकात करने वाली हैं। सोनिया गांधी ने इससे पहले नाराज नेताओं से कहा था कि वे पार्टी फोरम में अपनी बात रखें और मीडिया में बयान न दें, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। नेताओं की नाराजगी सोशल मीडिया पर आती रही। सोनिया गांधी ने ही तय किया था कि इस साल अक्टूबर तक कांग्रेस को स्थायी अध्यक्ष मिल जाएगा, लेकिन पेच राहुल गांधी को लेकर फंसा है। नाराज नेता गांधी परिवार से बाहर के किसी व्यक्ति को इस पद पर देखना चाहते हैं, वहीं गांधी परिवार के करीबी नेता राहुल के नाम का राग लगातार गा रहे हैं।

sonia

जिन नेताओं से सोनिया ने इस मसले पर बात की है, उनमें जी-23 के गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, मनीष तिवारी और विवेक तनखा हैं। पृथ्वीराज चव्हाण को भी सोनिया ने बुलाया था, लेकिन वो दिल्ली नहीं पहुंचे। इस साल नवंबर में गुजरात में भी चुनाव है और इससे पहले कांग्रेस को चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद में सोनिया जुटी हैं, लेकिन नाराज नेताओं की कुछ मांगों ने इस मामले में रोड़ा अटका रखा है। ऐसे में अब एक कमेटी भी बनाने की बात हो रही है। जो हर पक्ष को सुनने के बाद अपनी सिफारिश सोनिया को देगी और उसके हिसाब से फैसला होगा।