नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के अंदर अंदरूनी घमासान लगातार देखने को मिल रहा है। कभी पंजाब में, तो कभी राजस्थान और कभी छत्तीसगढ़ में पार्टी के भीतर कलह की खबर सामने आ रही है। इतना ही नहीं असतुष्ट नेताओं ने पार्टी के खिलाफ बगावती सुर अपनाया हुआ है। वहीं अब पार्टी के नेता आपस में ही भिड़ते दिखाई दे रहे है। इस बार पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम पार्टी कार्यकर्ता में नोकझोंक होती दिख रही है जिसका एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता पांडिवेल और चिदंबरम तू-तू मैं करते नजर आ रहे है।
बता दें कि चिदंबरम तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। वह स्थानीय निकाय चुनाव में पार्टी की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। लेकिन इस दौरान उनके साथ कुछ ऐसा हो गया जिसकी उम्मीद चिदंबरम को नहीं थी। दरअसल चिदंबरम और पार्टी कार्यकर्ता पांडिवेल के बीच किसी बात को लेकर बहस हो जाती है। बहस इतनी बढ़ जाती है कि पार्टी के दूसरे कार्यकर्ताओं को बीच में मामला शांत करना पड़ता है। वहीं सोशल मीडिया पर अब ये वीडियो वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कांग्रेस नेता पांडिवेल ने क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने के लिए सुझाव दे रहे थे साथ ही उन्होंने मांग की कि स्थानीय पदाधिकारियों को बदला जाए। वहीं चिदंबरम ने हस्तक्षेप किया और कार्यरकर्ताओं को बैठने कह दिया। लेकिन पांडिवेल रूके नहीं और वह लगातार बोलते रहे। जिसके चिदंबरम का गुस्सा फूट पड़ा और दोनों के बीच बहस हो गई।