Maharashtra Politics: उद्धव ठाकरे को फिर लगा बड़ा झटका, अमरावती में तालुका अध्यक्ष पूरे दल-बल के साथ शिंदे गुट में शामिल

Maharashtra Politics: खबरें हैं कि अमरावती में भी उद्धव ठाकरे को तगड़ा झटका लगा है।तालुका अध्यक्ष समेत 258 कार्यकर्ता शिवसेना का साथ छोड़ शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं।

Avatar Written by: July 17, 2022 11:42 am

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में शिवसेना बिखर कर रह गई है। रोजाना  सीएम एकनाथ शिंदे के गुट में  शिवसेना से नेता और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। अब खबरें हैं कि अमरावती में भी उद्धव ठाकरे को तगड़ा झटका लगा है।तालुका अध्यक्ष समेत 258 कार्यकर्ता शिवसेना का साथ छोड़ शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं। इससे पहले बीते कल भी खबरें आई थी कि पालघर से भी शिवसेना का सूपड़ा साफ होने को है। लोकसभा सदस्य राजेंद्र गावित समेत कई पूर्व पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का समर्थन किया। इसके अलावा  बदलापुर नगरपालिका से पार्टी के सभी पूर्व पार्षदों ने भी शिंदे का समर्थन किया है। इतना ही नहीं लोकसभा सदस्य राजेंद्र गावित ने अपने बयान में कहा कि असली शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट ही है, बाकी सब नकली है।

इससे एक हफ्ते पहले भी अमरावती के पूर्व सांसद आनंदराव अडसुल ने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उन्होंने शिंदे गुट में शामिल होने का कोई संकेत नहीं दिया था। उनके बेटे ने बयान जारी करते हुए कहा था कि उनके पिता हमेशा एक शिव सैनिक के तौर पर काम करेंगे। इन सभी में गौर करने वाली बात ये है कि ठाणे में पांच महानगर पालिकाएं हैं जिस पर पूरी तरह से सीएम एकनाथ शिंदे का दबदबा है। गौरतलब है कि पार्टी में उपजी बगावत के बाद उद्धव ठाकरे ने 29 जून को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद बहुमत साबित करके सीएम की कुर्सी पर एकनाथ शिंदे बैठे। वहीं देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री का पदभार संभाला।