साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से हुई तुलना तो बोलीं उमा भारती, ‘वो महान संत हैं, मैं मूर्ख हूं’
भाजपा ने भोपाल लोकसभा सीट से साध्वी प्रज्ञा को प्रत्याशी बनाया तो लोगों ने उनकी तुलना उमा भारती से करनी शुरू कर दी। उमा भारती मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री भी रह चुकी हैं।
नई दिल्ली। भाजपा ने भोपाल लोकसभा सीट से साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को प्रत्याशी बनाया तो लोगों ने उनकी तुलना उमा भारती से करनी शुरू कर दी। उमा भारती मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री भी रह चुकी हैं। मध्य प्रदेश के 2003 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उमा भारती को मुख्यमंत्री उम्मीदवार के तौर पर पेश कर चुनाव लड़ा था और विजय भी हासिल की थी।
अब फिलहाल उमा भारती इस बार लोकसभा प्रत्याशी भी नहीं है और चुनाव नहीं लड़ रही हैं, ऐसे में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को मध्य प्रदेश में नए साध्वी चेहरे के रूप में देखा जा रहा है। लोग उमा भारती और साध्वी प्रज्ञा की तुलना भी कर रहे हैं, इसको लेकर जब उमा भारती से दोनों की तुलना पर सवाल किया गया तो उनकी नाराजगी सामने आ गई।
उमा भारती से जब पत्रकारों ने पूछा कि ‘मध्य प्रदेश की राजनीति में साध्वी प्रज्ञा क्या आपकी जगह लेने जा रही हैं?’ इस सवाल पर उमा भारती ने तंज कसते हुए कहा कि ‘वो तो एक महान संत हैं, उनसे मेरी तुलना मत कीजिए। मैं बहुत ही साधारण मूर्ख किस्म की प्राणी हूं।’
Union Minister and BJP leader Uma Bharti on being asked if Pragya Singh Thakur will take her place in Madhya Pradesh politics: She is a great saint, don’t compare me with her, I’m just an ordinary and foolish creature. (27.4.19) pic.twitter.com/rxfgDoRTFf
— ANI (@ANI) April 28, 2019
बता दें कि इसके पहले साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से भी पूछा गया था कि क्या आपकी उमा भारती से बात होती है तो उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया था कि मेरी उनसे कभी बात नहीं होती, न टेलीफोन पर और न मौखिक रूप से। मुझे संगठन जैसा आदेश देगा, मुझे वैसा ही काम करना है।
उमा भारती मध्य प्रदेश की राजनीति में बड़ा नाम है ऐसे में साध्वी प्रज्ञा और उनके बीच रिश्तों की तल्खी कहीं भाजपा के लिए परेशानी का सबब ना बन जाए।