UP: पिछले 24 घंटों में कोरोना के 93 केस आए सामने, एक दिन में कुल 1 लाख 37 हजार सैंपल की जांच की गई

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने लोक भवन में प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1 लाख 37 हजार सैंपल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 2 करोड़ 94 लाख सैंपल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना (Coronavirus) से संक्रमित 93 नये मामले आये हैं, जो प्रदेश में पहली बार 100 से कम आये हैं।

Avatar Written by: February 14, 2021 9:57 am
Corona Update

लखनऊ। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने लोक भवन में प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1 लाख 37 हजार सैंपल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 2 करोड़ 94 लाख सैंपल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना (Coronavirus) से संक्रमित 93 नये मामले आये हैं, जो प्रदेश में पहली बार 100 से कम आये हैं। प्रदेश में 735 लोग होम आइसोलेशन में हैं। प्रदेश में कोविड-19 से रिकवरी का प्रतिशत अब 98 से अधिक हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 5,90,292 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 15.27 करोड़ जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है।

Navneet Sehgal

सहगल ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों के बाद फ्रंट लाइन कर्मियों को कोविड वैक्सीनेशन लगाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 एवं 16 फरवरी को वैक्सीन के लिए चिन्हित लोगों को एक दिन पूर्व ही सूचित करने के निर्देश मुख्यमंत्री जी द्वारा दिये गये हैं, जिससे कि सम्बंधित कर्मी समय से पहुंचकर वैक्सीन की डोज लगवा सके।

सहगल ने बताया कि प्रदेश में कोरोना का संक्रमण कम हुआ है। मुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रदेश सरकार के कोविड संक्रमण को नियंत्रित करने की कार्ययोजना कारगर सिद्ध हो रही है। प्रदेश में सर्विलांस, कांट्रैक्ट टेस्टिंग व एग्रेसिव टेस्टिंग से कोविड नियंत्रण में सफलता मिली है। सहगल ने बताया कि संक्रमण कम होने से औद्योगिक गतिविधियां तेजी से सामान्य हो रही हैं। प्रदेश में सूक्ष्म, लघु, मध्यम एवं वृहद श्रेणी की 8.18 लाख इकाइयां क्रियाशील हैं, जिनमें 52 लाख श्रमिक कार्य कर रहे हैं।

UP corona

बैंकों से समन्वय करके प्रदेश में अभी तक 8.56 लाख नई एमएसएमई इकाइयों को लगभग 29,800 करोड़ रूपये बैंकों द्वारा ऋण वितरित किये गये हैं। इन एमएसएमई इकाइयों के माध्यम से लगभग 27 लाख से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये गये हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए प्रदेश में मिशन रोजगार चलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने की मुहिम चला रही है।

सहगल ने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए कृतसंकल्प है और किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उनकी फसल को खरीदे जाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जिसके क्रम में प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक 653.88 लाख कु0 धान किसानों से खरीदा गया है, जो पिछले वर्ष से लगभग डेढ़ गुना अधिक है। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान योजना के तहत किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजना की जानकारी दी जा रही है।