यूपी में पत्रकार पर हमले के मामले में पुलिस ने की ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां, अपराधियों को सख्त संदेश

यूपी के गाज़ियाबाद में पत्रकार विक्रम जोशी हमले के मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस वारदात में इस्तेमाल असलहा भी बरामद कर लिया गया है। साथ ही लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया है।

Avatar Written by: July 21, 2020 4:08 pm
ghaziyabad

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पत्रकार विक्रम जोशी हमले के मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस वारदात में इस्तेमाल असलहा भी बरामद कर लिया गया है। साथ ही लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया है। यूपी के गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में बीती रात एक पत्रकार को बाइक पर आए तकरीबन आधा दर्जन बदमाशों ने मारपीट करने के बाद उसे गोली मार दी थी। गोली उसके सिर में मारी गई है, जिसे गंभीर अवस्था में शहर के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पत्रकार की हालत गंभीर बनी हुई है।

ghaziyabad

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अफसर हरकत में आ गए। वे सीधे यशोदा अस्पताल में पहुंचे और घटना के संबंध में परिजन से बातचीत की। इस घटना में परिजन की तरफ से 3 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बाकी फरार आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। तीन दिन पहले आरोपी युवकों ने पत्रकार की भांजी पर अश्लील फब्तियां कसी थी, जिसको लेकर मारपीट भी हुई थी। भांजी के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना की बाबत रिपोर्ट विजय नगर थाने में दर्ज कराई थी, जिसके बाद से उपरोक्त घटनाक्रम में आरोपी युवक लगातार धमकी दे रहे थे।

सीसीटीवी में कैद हुई गोली मारने की घटना

विजय नगर में युवक विक्रम को गोली मारने की लाइव घटना सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसमें युवक अपने बच्चों के साथ सड़क पर पैदल जाता दिखाई दे रहा है। तभी आधा दर्जन युवक बाइक से आते है और उसे घेर लेते है फिर उसके साथ मारपीट करते है। इसी दौरान एक युवक पिस्टल निकाल कर उसे सर में गोली मार देता है, जिसके बाद पत्रकार सड़क पर गिर पड़ता है। इसके बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो जाते हैं। तेजी से कार्रवाई करते हुए, गाजियाबाद पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

priyanka-yogi

इस बीच, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार की आलोचना की है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर हमला करते हुए  ट्वीट किया, ‘गाजियाबाद NCR में है। यहां कानून व्यवस्था का ये आलम है तो आप पूरे यूपी में कानून व्यवस्था के हाल का अंदाजा लगा लीजिए। एक पत्रकार को इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि उन्होंने भांजी के साथ छेड़छाड़ की तहरीर पुलिस में दी थी। इस जंगलराज में कोई भी आमजन खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा?