newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

यूपी पुलिस के हत्थे चढ़ा विकास दुबे का सहयोगी शशिकांत, पुलिस से लूटी गई एके-47 और इंसास रायफल हुई बरामद

विकास दुबे के मारे जाने के मामले की जांच कर रहे एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग के प्रमुख सेवानिवृत्त न्यायाधीश शशिकांत अग्रवाल सोमवार को बिकरू गांव पहुंचे।

नई दिल्ली। कानपुर के बिकरू गांव में हुए 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में  21 अभियुक्त नामजद थे। जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ ऐंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मामले में  श्याम यादव, दयाशंकर अग्निहोत्री और शशिकांत दुबे को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि इस मामले के मुख्य आरोपी विकास दुबे समेत 6 अभियुक्त एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं।

Kanpur Encounter

2 जुलाई को हुए बिकरू गांव की उस घटना के लेकर अभी 11 अभियुक्तों की तलाश जारी है। एडीजी ने बताया कि, चौबेपुर के SHO पर केस दर्ज कर लिया गया है। एनकाउंटर में मारे गए हिस्ट्री शीटर विकास दुबे को लेकर यूपी पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडीजी लॉ ऐंड ऑर्डर ने बताया कि 50 हजार रुपए का इनामी बदमाश शशिकांत दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है और लूटे गए असलहों को विकास दुबे के घर से बरामद कर लिया गया है।

एडीजी लॉ ऐंड ऑर्डर ने बताया कि विकास दुबे के घर से एके-47 मय कारतूस और शशिकांत के घर से इंसास राइफल और कारतूस बरामद किए गए हैं। यूपी के एडीजी लॉ ऐंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मामले में जो भी कार्रवाई होगी, नियम व कानून के अनुसार होगी।

ADG prashant Kumar

इस बीच विकास दुबे के मारे जाने के मामले की जांच कर रहे एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग के प्रमुख सेवानिवृत्त न्यायाधीश शशिकांत अग्रवाल सोमवार को बिकरू गांव पहुंचे। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि अग्रवाल सबसे पहले पुलिस मुठभेड़ (जिसमें आठ पुलिसकर्मी मारे गये थे) के घटनास्थल बिकरू गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनसे घटना के बारे में जानकारी ली।

आयोग के बिकरू गांव में पहुंचने की खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार प्रभु और अन्य प्रशासनिक अधिकारी वहां पहुंच गये और आयोग को जानकारियां उपलब्ध करायी। प्रवक्ता ने बताया कि अग्रवाल ने पूरे गांव का दौरा किया और गांव वालों से बिना किसी डर के मुठभेड़ के बारे में जानकारी देने को कहा।

Vikas Dubey house

न्यायधीश अग्रवाल निवादा गांव भी गये जहां एक अन्य पुलिस मुठभेड़ में विकास दुबे के रिश्तेदार प्रेम प्रकाश और अतुल दुबे मारे गये थे। अग्रवाल उस स्थान पर भी जा सकते है जहां पुलिस की गाड़ी पलट जाने के बाद विकास ने भागने का प्रयास किया था और बाद में वह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।