Haryana: मनोहर लाल खट्टर के ‘किसान संवाद’ कार्यक्रम से पहले हंगामा, एक्शन में दिखी पुलिस

Haryana: हरियाणा (Haryana) के करनाल (Karnal) में किसानों की पंचायत बुलाई गई है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के सीएम मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) पहुंचने वाले हैं। लेकिन यहां पहुंच रहे मनोहर लाल खट्टर के आने से पहले किसानों का एक जथ्था पहुंचा जो इन कानूनों का विरोध कर रहे थे।

Avatar Written by: January 10, 2021 3:20 pm

नई दिल्ली। दिल्ली की सीमा पर केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान अड़े हुए हैं। सरकार के साथ आठ दौर की बातचीत में भी इसको लेकर कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। किसान तीनों कृषि कानूनों को खारिज करने की मांग कर रहे हैं वहीं सरकार की तरफ से स्पष्ट कर दिया गया है कि कृषि कानूनों को वापस नहीं लिया जाएगा। किसान चाहें तो इसमें संशोधन के सभी मामलों पर बात की जा सकती है।

वहीं सरकार के मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार कृषि कानूनों का समर्थन कर रहे किसानों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसी क्रम में आज हरियाणा के करनाल में किसानों की पंचायत बुलाई गई है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के सीएम मनोहर लाल खट्टर पहुंचने वाले हैं। लेकिन यहां पहुंच रहे मनोहर लाल खट्टर के आने से पहले किसानों का एक जथ्था पहुंचा जो इन कानूनों का विरोध कर रहे थे। उन्होंने जमकर यहां पुलिस के सामने बवाल काटा। किसान इस कैमला गांव की सीमा में घुसकर सीएम के कार्यक्रम को रोकना चाहते हैं। यह पूरा गांव अभी छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

इस दौरान प्रदर्शनकारी किसानों ने पुलिस को काले झंडे दिखाए। वहीं जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने वहीं लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद हरियाणा पुलिस को एक्शन में आना पड़ा और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और प्रदर्शन कर रहे किसानों पर वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। मतलब साफ है कि यहां मुख्यमंत्री के आने से पहले ही बवाल तेज हो गया है।


वहीं खबर यह भी आ रही है कि प्रदर्शनकारी किसानों को रोकने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। आपको बता दें कि तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान हरियाणा में जेजेपी और भाजपा नेताओं का लगातार विरोध कर रहे हैं। करनाल के कैमला गांव में मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कार्यक्रम होना है जहां यह बवाल हुआ।

भाजपा की तरफ से यहां किसान महापंचायत का आयोजन किया गया है लेकिन विरोध कर रहे किसान लगातार इस कार्यक्रम को खत्म कराने की जिद्द पर अड़े हुए नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को विरोध कर रहे किसान किसी भी हाल में यह कार्यक्रम नहीं होने देने की बात कर रहे हैं। इसी क्रम में यह प्रदर्शन यहां किया गया जहां पुलिस को प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए मोर्चा संभालना पड़ा।