newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

विकास दुबे ही नहीं अब उसकी पत्नी ऋचा भी ‘मोस्ट वांटेड’

जाहिर तौर पर फोन के जरिए ऋचा दुबे ने घर और वहां की गतिविधियों पर नजर रखी। शायद उसने फुटेज को डिलीट करने के लिए मोबाइल का इस्तेमाल किया होगा।

नई दिल्ली। कानपुर पुलिस, उत्तर प्रदेश के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे की भी तलाश कर रही है। पिछले दिनों विकास ने कुछ आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। बताया जाता है कि शुक्रवार को इस भयावह वारदात के कुछ ही देर बाद ऋचा दुबे अपने बेटे के साथ बिकरू गांव में स्थित घर छोड़कर भाग गई थी।

Vikas Dube

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान उसका मोबाइल फोन बरामद किया है, जिससे पता चला है कि उसका फोन दुबे के घर में लगे सीसीटीवी से जुड़ा था।

पुलिस जांच टीम के सदस्य ने बताया, “जाहिर तौर पर फोन के जरिए ऋचा दुबे ने घर और वहां की गतिविधियों पर नजर रखी। शायद उसने फुटेज को डिलीट करने के लिए मोबाइल का इस्तेमाल किया होगा। इससे पहले, 2017 में, जब एसटीएफ द्वारा विकास दुबे को गिरफ्तार किया गया था, तब भी उसने अपने पति को बचाने के लिए सोशल मीडिया पर फुटेज डाले थे क्योंकि उसे लगा था कि उसके पति का एनकाउंटर कर दिया जाएगा।”

Vikas Dubey

पुलिस ने ऋचा के सभी रिश्तेदारों से पहले ही संपर्क कर लिया है और वह कहीं नहीं मिली है।

एक स्थानीय निवासी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि ऋचा ज्यादातर कानपुर शहर में ही रहती थी लेकिन अपने मोबाइल फोन के जरिए घर में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखती थी।

उन्होंने बताया, “नौकर और अन्य काम करने वाले हमेशा ‘भाभीजी’ से सावधान रहते थे क्योंकि वह नियमित अंतराल पर उन की जांच करती थी। उसने हमेशा अपने पति और उसकी गतिविधियों का समर्थन किया। उसने गांव में कभी भी महिलाओं के साथ बातचीत नहीं की।”

दो महिलाएं जो दुबे को दे रही थीं पुलिस की लोकेशन और चलवा रही थीं गोलियां, गिरफ्तार 

पुलिस ने विकास की करीबी दो महिलाओं को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस का आरोप है कि इन महिलाओं की वजह से भी कई पुलिस वालों की उस रात जान गई थी। महिलाओं पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप है। पुलिस का कहना है कि यह महिलाएं छत पर मौजूद बदमाशों को नीचे छिपे पुलिस वालों की लोकेशन बता रहीं थी।

Vikas Dube dayashankar

साथ ही कुछ पुलिस वालों ने गोलियों से बचने के लिए दरवाजा खोलने को कहा तो, दरवाजा खोलने के बजाए छत पर से बदमाशों को नीचे बुला लिया। महिलाओं संग संजय दुबे नाम के एक युवक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने क्षमा दुबे पत्नी संजय दुबे नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह महिला रिश्ते में विकास दुबे की पुत्रवधु बताई जा रही है। विकास के मकान के बराबर में ही क्षमा दुबे का घर है। पुलिस ने विकास दुबे की नौकरानी रेखा अग्निहोत्री को भी गिरफ्तार किया है। रेखा का पति दयाशंकर पहले ही पकड़ा जा चुका है। पुलिस का आरोप है कि जब बदमाश और पुलिस वालों के बीच गोलियां चल रहीं थी, तो कुछ पुलिस वाले दीवार की आड़ लेकर बदमाशों का मुकाबला कर रहे थे। तभी रेखा छत पर मौजूद बदमाशों को पुलिस वालों की लोकेशन बता रही थी। इस तरह कई पुलिस वालों को बदमाशों ने मार डाला। साथ ही चिल्ला रही थी कि कोई भी पुलिस वाला बचकर नहीं जाना चाहिए। गांव के ही रहने वाले सुरेश वर्मा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सुरेश पर भी आरोप है कि वह चीख-चीखकर बदमाशों की हौंसला अफजाई कर रहा था।