newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून, कई राज्यों में बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के डायरेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि येलो और ऑरेंज अलर्ट हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन, सिरमौर और चंबा जिलों के लिए जारी किया गया है।

नई दिल्ल। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि, देश के कई राज्यों में मानसून फिर से रफ्तार पकड़ सकता है। IMD का कहना है कि उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश को लेकर अलर्ट भी किया है।

rain

बता दें कि मौसम विभाग के अनुसार 18-19 जुलाई से मॉनसून के सक्रिय होने के साथ अगले तीन-चार दिनों में कई राज्यों में अच्छी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, हस्तिनापुर, बिजनौर, नजीबाबाद, चांदपुर और आस-पास के इलाकों में अगले कुछ घंटों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। यूपी के ज्यादातर इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी होने से उमस भरी गर्मी पड़ रही है, जिससे लोग काफी परेशान हैं और बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

delhi rain

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य के मुकाबले 2.4 डिग्री अधिक 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हालांकि, आज यानी शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है।

इसके अलावा मध्य प्रदेश के मध्य भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी बिहार, ओडिशा, दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

वहीं हिमाचल प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर बरसात का दौर जारी है। हिमाचल में आगामी दिनों में अधिक बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में 20 व 21 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

rain Musam Vibhag

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के डायरेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि येलो और ऑरेंज अलर्ट हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन, सिरमौर और चंबा जिलों के लिए जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई तक राज्य में भारी बारिश का अनुमान है। 20 जुलाई को कुल्लू और मंडी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 21 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट के साथ ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 21 जुलाई के लिए कुल्लू, सोलन और मंडी में येलो अलर्ट जारी किया गया है।