पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष सोमेन मित्रा का हुआ निधन, राहुल गांधी ने ट्वीट कर जताया शोक

बता दें कि कांग्रेस के दिग्गज नेता और लोकसभा के पूर्व सांसद सोमेन मित्रा का जन्म 31 दिसंबर 1941 को हुआ था।  

Avatar Written by: July 30, 2020 9:24 am
somen mitra

नई दिल्ली। ग्रेस के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस समिति (डब्ल्यूबीपीसीसी) के अध्यक्ष सोमेन मित्रा का देर रात निधन हो गया। वह 78 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार बीते कई दिनों से उनकी तबीयत खराब थी। उन्होंने कोलकाता के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बता दें कि कांग्रेस के दिग्गज नेता और लोकसभा के पूर्व सांसद सोमेन मित्रा का जन्म 31 दिसंबर 1941 को हुआ था।

somen mitra

अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि मित्रा को कुछ दिनों पहले ही किडनी की बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हो गया। उनका कोरोना टेस्ट भी करवाया गया था, इसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी।

इधर, उनके निधन की खबर आते ही शोक की लहर दौड़ पड़ी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। राहुल ने ट्वीट किया, ‘इस कठिन समय में सोमेन मित्रा के परिवार और दोस्तों को मेरा प्यार और समर्थन। हम उन्हें प्यार, शान और सम्मान के साथ हमेशा याद करेंगे।’

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट में कहा, “दिग्गज नेता, पूर्व सांसद और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पश्चिम बंगाल के अध्यक्ष सोमेन मित्रा के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उनके परिवार, फॉलोवर्स और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।”

वहीं राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने ट्वीट किया, “दिग्गज कांग्रेसी नेता सोमेन मित्रा की मौत के बारे में जानकर दुख हुआ। बंगाल हमेशा उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करेगा। दिवंगत आत्मा को शांति देने के लिए सर्वशक्तिमान से प्रार्थना करें।”

मित्रा ने अपना राजनीतिक जीवन उत्तरी कोलकाता से शुरू किया और 1970 के दशक में लाइमलाइट में आए। वह 1972 में सियालदह विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने और सात बार सीट पर जीत प्राप्त की। बाद में उन्होंने 2008 में कांग्रेस पार्टी छोड़ दी और अपना खुद का संगठन बनाया और साल 2009 में नंदीग्राम-सिंगुर आंदोलन के दौरान तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए। मित्रा साल 2009 में तृणमूल के टिकट पर डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से चुने गए थे। हालांकि साल 2014 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस से अपना नाता तोड़ लिया और कांग्रेस में वापस आ गए।

Latest