newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Mahakal Lok: QR कोड से शिव महिमा, बटन दबाने पर प्रकट होती मूर्तियां, ऐसा है उज्जैन का ‘महाकाल लोक’ जिसका आज लोकार्पण करेंगे PM मोदी

पीएम मोदी आज शाम 5 बजे महाकाल लोक का उद्घाटन करने उज्जैन पहुंचेंगे। शाम करीब 5.25 बजे वो महाकाल मंदिर आएंगे। वहां 5.50 बजे पूजा-अर्चना करेंगे। शाम 6.20 बजे मोदी महाकाल मंदिर से निकलकर महाकाल लोक के लोकार्पण कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। वो शाम 6.25 से 7.05 बजे तक लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

उज्जैन। आज उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर के पास बने ‘महाकाल लोक’ का उद्घाटन है। शाम 5 बजे उद्घाटन समारोह शुरू होगा। पीएम नरेंद्र मोदी इस समारोह में हिस्सा लेंगे। महाकाल लोक के पहले चरण को अभी तैयार किया गया है। इसे बनाने में 5 साल का वक्त लगा है। पहले ये योजना 300 करोड़ में पूरी होनी थी। बाद में इसे 870 करोड़ किया गया। महाकाल लोक बनाने के लिए 800 घरों में रहने वालों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। महाकाल मंदिर के पीछे बने रुद्रसागर कुंड में गंदे नाले गिरते थे। यहां के 5 सीवेज प्वॉइंट्स बंद किए गए। क्षिप्रा नदी को इस कुंड से जोड़ा गया है। इसी काम में 20 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।

mahakal lok 2

महाकाल लोक में देवी-देवताओं की 75 मूर्तियां लगाई गई हैं। इनमें शिव के कई रूपों के अलावा देवी-देवताओं की मूर्तियां भी हैं। इन मूर्तियों की ऊंचाई 9 फिट से 18 फिट तक हैं। इनके अलावा यहां दीवारों पर 81 म्यूरल यानी भित्ति चित्र भी उकेरे गए हैं। यहां क्यूआर कोड के जरिए भगवान शिव की कथा सुनी जा सकेगी। कई मूर्तियां ऐसी हैं, जो रिमोट का बटन दबाने पर सामने प्रकट होंगी। महाकाल लोक में श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए पिनाकी, शंख, नंदी और नीलकंठ नाम से चार दरवाजे भी बनाए गए हैं। पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के बाद महाकाल लोक होकर महाकाल मंदिर तक जाने में भक्तों को 20 मिनट का वक्त लगेगा। यहां एक घंटे में 30000 श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। शिवजी की पूजा-अर्चना के खास दिनों में ऐसी व्यवस्था आसानी से होगी, जिसमें एक दिन में 10 लाख भक्त भी बिना किसी दिक्कत के दर्शन कर सकेंगे। खास बात ये है कि महाकाल लोक का दायरा वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से भी ज्यादा है।

mahakal lok 3

पीएम मोदी आज शाम 5 बजे महाकाल लोक का उद्घाटन करने उज्जैन पहुंचेंगे। शाम करीब 5.25 बजे वो महाकाल मंदिर आएंगे। वहां 5.50 बजे पूजा-अर्चना करेंगे। शाम 6.20 बजे मोदी महाकाल मंदिर से निकलकर महाकाल लोक के लोकार्पण कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। वो शाम 6.25 से 7.05 बजे तक लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उसके बाद शाम 7.30 बजे से रात 8 बजे तक पास के कार्तिक मेला मैदान पर लोगों को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी शाम को उज्जैन पहुंच रहे हैं। ऐसे में नियमों के तहत वो महाकाल मंदिर में जलाभिषेक नहीं कर सकेंगे। वो वहां षोडषोपचार पूजा में हिस्सा लेंगे। उनके साथ मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान और उनकी सरकार के मंत्रियों के अलावा अन्य गणमान्य लोग भी महाकाल लोक लोकार्पण कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। तमाम मंदिरों में इस कार्यक्रम का प्रसारण भी होगा।

mahakal lok 4