नई दिल्ली। श्रद्धा वालकर मर्डर केस जितने सनसनीखेज तरीके से किया गया, उसकी कहानी सुनकर सभी हैरत में हैं। अब उसकी हत्या के आरोपी आफताब पूनावाला ने कोर्ट में मान भी लिया है कि अपनी लिव इन पार्टनर की हत्या उसने की। आफताब ने कहा है कि गुस्से में उससे श्रद्धा की हत्या हो गई। दरअसल, आफताब इस मामले में ऐसा फंस चुका है, जिसकी वजह से उसके बचने के तमाम रास्ते बंद होते जा रहे हैं। कोर्ट ने नारको टेस्ट का आदेश दे दिया। फिर पॉलीग्राफ यानी झूठ पकड़ने वाली मशीन का टेस्ट भी कराने के लिए कह दिया। फिर भी सबसे अहम सबूत जो आफताब के खिलाफ जा सकता है, उसने श्रद्धा के 35 टुकड़े करने वाले इस दरिंदे की बचने की राह मुश्किल कर दी है।
ये सबूत है श्रद्धा वालकर का जबड़ा। दिल्ली पुलिस के मुताबिक आफताब ने महरौली के जंगल में जहां श्रद्धा की लाश के टुकड़े फेंकने की बात कही थी, वहां से इंसानी जबड़े का टुकड़ा मिला है। इस टुकड़े में एक दांत पर कैप भी लगा है। श्रद्धा के घरवालों ने पुलिस को बताया है कि उनकी बेटी ने दांत में कैप लगवाया था। इसके अलावा दांतों का मिल जाना आफताब के खिलाफ अहम वैज्ञानिक सबूत का हिस्सा बन सकता है। दांतों के सबूत बनने की कहानी अब हम आपको बताते हैं।
अगर किसी भी इंसान का जिस्म सड़ जाए और मांस न मिले, तो उसका डीएनए टेस्ट का नतीजा नहीं निकल सकता। ऐसी हालत में सिर्फ बाल और दांत से ही डीएनए हासिल किया जा सकता है। अब पुलिस को चूंकि जबड़े का हिस्सा मिला है। ऐसे में फॉरेंसिक साइंस लैब में जबड़े में लगे दातों से डीएनएन सैंपल मिलने की पूरी गुंजाइश है। अगर श्रद्धा के पिता या भाई के साथ ये डीएनए मैच कर गया, तो आफताब के खिलाफ ये पक्का सबूत हो जाएगा। इसी वजह से शायद आफताब ने खुद को पूरी तरह घिरा देखकर कोर्ट में जज के सामने जुर्म कबूल लिया है।