यूपी में शुरू ब्राह्मण के नाम पर राजनीति, लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ लगे पोस्टर, लिखा- ब्राह्मणों पर अत्याचार बंद करो

पोस्टर(Poster) में सीएम योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) को ब्राह्मणों पर फरसे से हमला करते हुए दिखाया गया है। सीएम योगी के पीछे केशव प्रसाद मौर्य समेत दूसरे नेताओं की तस्वीरें भी लगाई गई हैं।

Avatar Written by: August 26, 2020 2:57 pm
Lucknow Poster Brahman

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण के नाम पर राजनीति तेज होती जा रही है। विपक्षी दलों का आरोप है सूबे की योगी सरकार राज्य में ब्राह्मणों के साथ भेदभाव कर रही है और उनकी हत्या करवा रही है। इसकी चलते यूपी की राजधानी लखनऊ में ब्राह्मणों पर अत्याचार से जुड़ा पोस्टर लगाया गया है। ये पोस्टर समाजवादी पार्टी छात्र सभा के प्रदेश सचिव विकास यादव के नाम से लगाया गया है।

Yogi PC

बता दें कि इस पोस्टर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को रक्षक के रूप में दिखाया गया है। ये पोस्टर हजरतगंज इलाके में स्थित दारुल शफा के विधायक निवास की दीवार पर लगाया गया है। विवादित पोस्टर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कई बड़े मंत्रियों की फोटो भी है। ये पोस्टर ब्राह्मणों पर हो रहे कथित अत्याचार के विरोध स्वरूप लगाया गया है।

Lucknow Poster Brahman

पोस्टर में सीएम योगी आदित्यनाथ को ब्राह्मणों पर फरसे से हमला करते हुए दिखाया गया है। सीएम योगी के पीछे केशव प्रसाद मौर्य समेत दूसरे नेताओं की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। पोस्टर में लिखा गया है- “बेटी बचाओ भाजपा भगाओ, बंद करो ब्राह्मणों पर अत्याचार, ना भ्रष्टाचार ना गुंडाराज, अबकी बार अखिलेश सरकार।”

पोस्टर में डॉक्टर और करोना मरीज की फोटो भी लगाई गई है। इसके साथ लिखा गया है कि करोना महामारी की आड़ में धन उगाही। गौरतलब है कि पोस्टर में भगवान परशुराम की फोटो के साथ सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को ब्राह्मणों का रक्षक दिखाया गया है। पोस्टर से लखनऊ की सियासत गर्मा गई है और पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वक्त से लगातार योगी सरकार पर ब्राह्मण विरोधी होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। हाल ही में आम आदमी पार्टी के सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने खुले तौर पर आरोप लगाया था कि यूपी में सिर्फ ठाकुरों के लिए सरकार चल रही है और ब्राह्मणों को निशाना बनाया जा रहा है।

Vijay Mishra

संजय सिंह से पहले यूपी के एक विधायक विजय मिश्र ने आरोप लगाया था कि ब्राह्मण होने के नाते उन्हें परेशान किया जा रहा है। मारपीट के आरोप में फरार होने के दौरान विजय मिश्र ने कहा था कि मैं ब्राह्मण हूं, एनकाउंटर हो जाएगा। बता दें कि कानपुर के कुख्यात बदमाश विकास दुबे के एनकांउटर के बाद भी इस तरह की चर्चाओं ने जोर पकड़ा था।