newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

IPL 2022: ‘फिनिशर’ धोनी ने CSK को दिलाई दूसरी जीत, आखिरी ओवर में चौका जड़ के जीत लिया फैंस का दिल

IPL 2022: 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई को जीतने के लिए आखिरी छह गेंदों में 17 रनों की जरूरत थी। इस समय तक चेन्नई के छह विकेट गिर चुके थे और धोनी के साथ प्रियोरियस क्रीज पर बने हुए थे। उस समय धोनी नौ गेंदों में 12 और प्रिटोरियस 13 गेंदों में 22 रन बनाकर उम्दा पारी खेल रहे थे।

नई दिल्ली। आईपीएल 2022 में चेन्नई की टीम ने दूसरी बार जीत हासिल की है। एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी इस जीत के हीरो बन गए। मुंबई के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले में उन्होंने अंतिम ओवर में 16 रन बनाकर अपनी टीम को ये जीत दिलाई। 13 गेंदों में 28 रन बनाने वाले धोनी ने अंतिम ओवर में दो चौके लगाए और एक छक्का जड़ा। इसके अलावा प्रिटोरियस ने भी अपने अंतिम ओवरों में शानदार बल्लेबाजी की और 14 गेंदों में 22 रन बनाए। स्कोर छोटा होने के बावजूद मुंबई की टीम आखिरी ओवर तक मैच में बनी रही। इस रोमांचक मैच के आखिरी ओवर में प्रियोरियस, धोनी और पोलार्ड ने बल्लेबाजी की, लेकिन जीत का श्रेय धोनी को ही जाता है जिन्होंने अंतिम चार गेंदों को बेहतरीन ढंग से खेला। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई को जीतने के लिए आखिरी छह गेंदों में 17 रनों की जरूरत थी। इस समय तक चेन्नई के छह विकेट गिर चुके थे और धोनी के साथ प्रियोरियस क्रीज पर बने हुए थे। उस समय धोनी नौ गेंदों में 12 और प्रिटोरियस 13 गेंदों में 22 रन बनाकर उम्दा पारी खेल रहे थे। प्रिटोरियस स्ट्राइक पर थे और फैंस उम्मीद लगाए बैठे थे कि वो बड़े हिट लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाएंगे, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ, मैच धोनी ने खत्म किया।

मैच की पहली गेंद- जयदेव उनादकट की पहली गेंद पर प्रिटोरियस का बल्ला नहीं लगा और गेंद उनके पैर से टकरा गई। अंपायर ने नॉट आउट का इशारा किया, लेकिन मुंबई ने रिव्यू लिया, जिसमें प्रिटोरियस आउट हो गए। अब चेन्नई के पास मात्र पांच गेंद बची थी, जिसमें उन्हें 17 रन चाहिए थे।

दूसरी गेंद- नए बल्लेबाज ड्वेन ब्रावो स्ट्राइक पर थे और उन्होंने एक रन लेकर धोनी को स्ट्राइक दे दी। अब चेन्नई के पास चार गेंदें बची थीं, जिसमें 16 रनों की जरूरत थी।

तीसरी गेंद- बॉलर उनादकट ने ऑफ स्टंप के बाहर यॉर्कर गेंद फेंकने की कोशिश की, लेकिन उनका टप्पा सही नहीं था और धोनी ने गेंदबाज के सिर के ऊपर से निकालते हुए छक्का जड़ दिया। अब चेन्नई को जीत के लिए तीन गेंदों में 10 रनों की जरूरत थी।

चौथी गेंद- जयदेव उनादकट ने धीमी बाउंसर करते हुए धोनी को छकाने की कोशिश की, लेकिन वो असफल रहे और धोनी ने काफी देर इंतजार करने के बाद फाइन लेग पर चौका लगा दिया। अब चेन्नई को जीत के लिए दो गेंदों में छह रनों की जरूरत थी।

पांचवीं गेंद- उनादकट ने धोनी के पैरों पर गेंद फेंकी और धोनी ने मिडविकेट में शॉट खेलकर दो रन पूरे कर लिए। अब चेन्नई के पास केवल एक गेंद थी और चार रनों की जरूरत थी।

छठी गेंद- उनादकट ने इस बार यॉर्कर फेंकन की कोशिश की,  लेकिन गेंद फुल टॉस हो गई और धोनी ने ऑफ स्टंप में जाकर लेग साइड में चौका लगा दिया और इस चौके के साथ ही चेन्नई की टीम ने जीत हासिल कर ली।