Commonwealth Games 2022: विनेश फोगाट, नवीन और भाविना ने भी कॉमनवेल्थ गेम्स में दिखाया जलवा, भारत के खाते में हुए 12 गोल्ड

ब्रिटेन के बर्मिंघम में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय खिलाड़ियों का मेडल हासिल करने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। खासकर कुश्ती में भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष हॉकी टीम भी दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में पहुंच गई है। यानी इस खेल में भी एक मेडल पक्का हो गया है।

Avatar Written by: August 7, 2022 7:22 am
vinesh fogat and navin kumar gpld

बर्मिंघम। ब्रिटेन के बर्मिंघम में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय खिलाड़ियों का मेडल हासिल करने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। खासकर कुश्ती में भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहलवान नवीन कुमार ने 74 किलोग्राम वर्ग के फ्रीस्टाइल मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाड़ी मोहम्मद शरीफ ताहिर को एकतरफा मुकाबले में 9-0 से मात देते हुए गोल्ड मेडल हासिल कर लिया। इसके साथ ही कुश्ती में भारत ने 6 गोल्ड हासिल किए। साथ ही कुल गोल्ड मेडल की संख्या भी बढ़ाकर 12 कर ली। इससे पहले रवि दहिया और विनेश फोगाट ने भी शनिवार को अपनी कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता।

vinesh fogat 1

विनेश फोगाट ने 53 किलो वर्ग के फ्रीस्टाइल मुकाबले में श्रीलंका की चामोडया केशानी को हराकर भारत को गोल्ड दिलाया। विनेश ने मुकाबला 4-0 से जीता। इससे पहले फोगाट ने 2014 और 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड मेडल हासिल किया था। इसके अलावा विनेश ने एशियन गेम्स में भी गोल्ड जीता था। ये उपलब्धि हासिल करने वाली वो भारत की पहली महिला खिलाड़ी हैं। पैरा टेबल टेनिस में भी भारत को भाविना पटेल ने गोल्ड दिलाया। जबकि, सोनलबेन मनुभाई पटेल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। भाविना टोक्यो पैरालंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट हैं। उन्होंने इस बार फाइनल मुकाबले में नाइजीरिया की क्रिस्टियाना इकपेयोई को 12-10, 11-2 और 11.9 से हराया। जबकि सोनल ने प्लेऑफ में इंग्लैंड की सू बेली को 11-5, 11-2 और 11-3 से हराया।

bhawina patel

भारत का एक और मेडल भी पक्का हो गया है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। यानी इस मुकाबले में कम से कम सिल्वर मेडल पक्का है। वहीं, एथलेटिक्स के 4×100 मीटर रिले फाइनल के लिए भारतीय महिला टीम ने क्वालिफाई कर लिया है। अगर महिला टीम अपना बेहतरीन प्रदर्शन करती है, तो इस स्पर्धा में भी भारत को मेडल मिल सकता है।