अमेरिका में किसान बिल का विरोध कर रहे लोगों ने तोड़ी महात्मा गांधी की प्रतिमा, फहराए खालिस्तानी झंडे

Farm Law: महात्मा गांधी(Mahatma Gandhi) की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला 3 जून को भी सामने आया था। अमेरिका के वॉशिंगटन में जॉर्ज फ्लॉयड के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया था।

Avatar Written by: December 13, 2020 9:12 am
Mahatma Gandhi statue

नई दिल्ली। मोदी सरकार द्वारा लाए गए कृषि बिलों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन भारत के अलावा कुछ और देशों में देखने को मिल रहा है। हालांकि इस विरोध प्रदर्शन में कुछ विशेष विचारधारा के लोगों को देखा जा रहा है। बता दें कि, अमेरिका में किसान बिल का विरोध कर रहे लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया है। माना जा रहा है कि किसान बिल के विरोध के नाम पर अब अराजकतत्व हावी होने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें अब ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसान बिल का विरोध करने वाले प्रदर्शनकारी अब राह से भटकते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में सामने आया है। यहां किसान बिल का विरोध कर रहे कुछ लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को खंडित किया है। खबर है कि इस कृत्य को करने वालों ने इस मौके पर विरोध के दौरान खालिस्तानी झंडे भी दिखाए।

Mahatma Gandhi statue break

बता दें कि शनिवार को किसानों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने भारतीय दूतावास के सामने लगी गांधी प्रतिमा पर स्प्रे से पेंट कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने गांधी के चेहरे को खालिस्तानी झंडे से ढक दिया था। इस दौरान कई बैनरों पर ‘खालिस्तान गणराज्य’ लिखा हुआ था। इनमें से कुछ खालिस्तानी सिख कृपाण हाथ में थामे महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने आए और उस पर एक पोस्टर चिपका दिया। इस समूह ने भारत विरोधी और खालिस्तान के समर्थन में नारे भी लगाए।

भारतीय दूतावास ने शनिवार को कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सामने खालिस्तानियों के इस हरकत के लिए विरोध दर्ज कराया गया है। दूतावास के एक बयान के अनुसार, “महात्मा गांधी की प्रतिमा को 12 दिसंबर 2020 को महात्मा गांधी मेमोरियल प्लाजा में खालिस्तानी तत्वों द्वारा खंडित कर दिया गया। गुंडों द्वारा की गई इस शरारती हरकत की दूतावास कड़ी निंदा करता है।”

महात्मा गांधी की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला 3 जून को भी सामने आया था। अमेरिका के वॉशिंगटन में जॉर्ज फ्लॉयड के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया था। इस घटना के बाद एक विशेषज्ञ को बुलाकर गांधी प्रतिमा को दोबारा ठीक करवाया गया था।