Bangladesh: रोहिंग्या कैंप पर हुई अंधाधुंध फायरिंग, सात लोगों के मारे जाने की खबर, कई घायल

Bangladesh: बांग्लादेश के रोहिंग्या में अंधाधुंध फायरिंग की गई है। जिसमें 7 लोगों की मौत होने की खबर भी आई है। बांग्लादेश की एक समाचार एजेंसी एएफपी ने पुलिस के हवाले से मिली यह जानकारी साझा की है।

काजल शर्मा Written by: October 22, 2021 1:09 pm

नई दिल्ली। बांग्लादेश के रोहिंग्या में अंधाधुध फायरिंग की गई है। जिसमें 7 लोगों की मौत होने की खबर भी आई है। बांग्लादेश की एक समाचार एजेंसी एएफपी ने पुलिस के हवाले से मिली यह जानकारी साझा की है। वहीं बांग्लादेश के प्रमुख अखबार ढाका ट्रिब्यून की मानें तो यह हमला रोहिंग्या रिफ्यूजी कैंप में स्थित मदरसे में हुआ था। जहां अज्ञात हमलावरों ने भी फायरिंग की थी। अचानक हुई इस फायरिंग में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि तीन लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान होने की बात कही जा रही है।

तड़के चार बजे हुआ हमला

घटना की जानकारी दे रहे एक सुरक्षा बल के अधिकारी ने बताया कि अज्ञात लोगों ने सुबह करीब चार बजे उखिया में कैंप नंबर 18 के ब्लॉक एच-52 में मदरसे पर हमला किया। पहले इस हमले को दो प्रतिद्वंद्वी रोहिंग्या ग्रुप्स में संघर्ष बताया गया था।

हमलावर हुआ गिरफ्तार

उखिया एसपी शिहाब कैसर ने इस मामले में स्थानीय मीडिया से भी बातचीत की है जहां उन्होंने कहा कि हमले के बाद चार लोगों की तुरंत ही मौत हो गई। जिसके तुरंत बाद मौके पर पुलिस ने पहुंचकर लोगों को अस्पताल तक पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। बताया यह भी जा रहा है कि पुलिस ने एक हमलावर को बंदूक और गोला बारूद के साथ गिरफ्तार किया था। इसके अलावा अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कैंप में छापेमारी की जा रही है।

सबसे बड़ा रोहिंग्या रिफ्यूजी कैंप

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में दुनिया का सबसे बड़ा रोहिंग्या रिफ्यूजी कैंप बना हुआ है। जहां करीब 10 लाख रोहिंग्या रहते हैं। यह सभी रोहिंग्या 2017 में म्यांमार से भागकर आए थे, और साल 2017 में बौद्ध बहुसंख्यक देश म्यांमार में वहां की सेना ने रोहिंग्याओं के खिलाफ कार्रवाई भी की थी। जिसके बाद रोहिंग्या मुसलमान वहां से भाग गए। जिनमें से ज्यादातर बांग्लादेश के रिफ्यूजी कैंप में रह रहे हैं।