newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

रूस को पछाड़ कर भारत इस मामले में दुनिया में चौथे पायदान पर पहुंचा…

India Forex: भारतीय रिजर्व बैंक(RBI) की जानकारी के अनुसार विदेशी मुद्रा भंडार 26 फरवरी को समाप्‍त सप्ताह में 68.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 584.554 अरब डॉलर हो गया था।

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते देश में बने संकट के माहौल के बाद अब देश की आर्थिक हालत में सुधार देखने को मिल रहा है। इस बीच भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (Indias forex reserves) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। बता दें कि सोमवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने अपने एक ट्वीट में जानकारी दी कि भारत अब दुनिया का चौथा सबसे बड़ा विदेशी मुद्रा भंडार बन गया है। इस मुकाम को भारत ने रूस को पीछे छोड़कर हासिल किया है। बता दें कि वर्तमान समय में भारत के पास 580.3 अरब डॉलर वि‍देशी मुद्रा भंडार मौजूद है। दरअसल पिछले कई महीनों से भारत और रूस के वि‍देशी मुद्रा भंडार में वृद्धि जारी है। पिछले हफ्ते रूस के विदेशी मुद्रा भंडार में अधिक गिरावट आने की वजह से भारत ने अब दुनिया में चौथा स्‍थान हासिल कर लिया है।

शुक्रवार को जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार 5 मार्च को समाप्‍त सप्‍ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 4.3 अरब डॉलर घटकर 580.3 अरब डॉलर रह गया, वहीं रूस का विदेशी मुद्रा भंडार घटकर 580.1 अरब डॉलर रह गया। इस तरह हुई तेज गिरावट के कारण भारत अब रूस को पीछे छोड़कर चौथे स्‍थान पर आ गया है।

Videshi Mudra Bhandar RBI

वहीं इस सूची में सबसे ऊपर चीन ने कब्जा जमाया हुआ है। इसके बाद क्रमश: जापान और स्विट्जरलैंड का स्‍थान है। चौथे नंबर पर भारत और पांचवें स्‍थान पर रूस है। फिलहाल भारत के पास अभी जो विदेशी मुद्रा भंडार हैं, वह 18 महीने के आयात के लिए पर्याप्‍त हैं। भारतीय शेयर बाजारों में FII द्वारा भारी निवेश और FDI के जरिये निवेश में वृद्धि से भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में रिकॉर्ड उछाल आया है।

Videshi Mudra Bhandar

भारतीय रिजर्व बैंक की जानकारी के अनुसार विदेशी मुद्रा भंडार 26 फरवरी को समाप्‍त सप्ताह में 68.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 584.554 अरब डॉलर हो गया था। वहीं 29 जनवरी 2021 को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 590.185 अरब डॉलर के रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था।