newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

भारत-चीन सीमा विवाद पर रूस ने झाड़ा पल्ला, कहा दोनों समझदार हैं, मतभेद सुलझा लेंगे

भारत-चीन सीमा विवाद पर रूस ने बयान दिया है। भारत-चीन सैनिकों के बीच गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद अब रूस ने कहा है कि चीन और भारत दोनों ही उसके दोस्त है और दोनों समझदार हैं।

मॉस्को। भारत-चीन सीमा विवाद पर रूस ने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। मतलब साफ है की भारत चीन के बीच उपजे विवाद के बीच रूस किसी भी तरह से नहीं पड़ना चाहता। रूस की तरफ से जो प्रतिक्रिया इस मामले पर आई है उससे साफ स्पष्ट होता है कि रूस इस मामले में अपना पल्ला झाड़कर बचना चाहता है। भारत-चीन सैनिकों के बीच गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद अब रूस ने कहा है कि चीन और भारत दोनों ही उसके दोस्त हैं और दोनों समझदार हैं।

रूस का कहना है कि दोनों समझदार हैं और रूस के अहम सहयोगी हैं ऐसे में वह इस झड़प से चिंतित तो है लेकिन उसे भरोसा है कि मामला शांति से सुलझ जाएगा। रूस ने कहा कि दोनों ही देश समझदार हैं और उसका मानना है कि उसके दोनों करीबी सहयोगी खुद ही टकराव की स्थिति को सुलझा लेने में सक्षम हैं।

आपको बता दें कि सोमवार की रात को पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। जिसमें एक कर्नल समेत 20 भारतीय सैन्यकर्मी शहीद हो गये थे और इस घटना में चीन के भी 43 सैनिक हताहत हुए हैं। रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने पत्रकारों से कहा, ”हम निश्चित रूप से बहुत ध्यान से देख रहे हैं कि चीनी-भारतीय सीमा पर क्या हो रहा है। हमारा मानना है कि यह बहुत ही चिंताजनक रिपोर्ट है।”

putin russia

रूसी समाचार एजेंसी तास ने पेसकोव के हवाले से बताया, ‘लेकिन हमारा मानना है कि दोनों देश भविष्य में इस तरह की स्थिति को टालने के लिए आवश्यक कदम उठाने में सक्षम हैं।’ प्रवक्ता ने कहा कि चीन और भारत रूस के करीबी सहयोगी हैं और ‘पारस्परिक सम्मान के आधार पर बने बहुत करीबी संबंध हैं।’