newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Sri Lanka: श्रीलंका में कर्फ्यू हटाया गया, इमरजेंसी जारी रहने के बीच पूरी कैबिनेट का भी इस्तीफा

श्रीलंका में पिछले शनिवार को महंगाई और आर्थिक परेशानी से ग्रस्त आम लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया था। लोगों ने राजधानी कोलंबो में राष्ट्रपति के आवास के बाहर मजमा इकट्ठा किया था। यहां हिंसा भी हुई थी। तमाम वाहन फूंक दिए गए थे।

कोलंबो। श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने दो दिन से जारी देशव्यापी कर्फ्यू खत्म करने का एलान किया है। इससे पहले श्रीलंका की पूरी कैबिनेट ने रविवार को इस्तीफा दे दिया था। सिर्फ पीएम महिंदा राजपक्षे ही पद पर हैं। माना जा रहा है कि अब खराब आर्थिक हालात से परेशान श्रीलंका में सर्वदलीय सरकार बन सकती है। यहां हिंसा हुई थी और इसके करीब 600 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। इस बीच, भारत ने श्रीलंका की मदद जारी रखी है। भारत ने पहले श्रीलंका को ऊर्जा संकट से निपटने के लिए 40000 मीट्रिक टन डीजल और लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए चावल भेजा था। अब खबर है कि भारत ने श्रीलंका को सस्ते दर पर कर्ज भी मुहैया कराया है।

sri lanka2

श्रीलंका में पिछले शनिवार को महंगाई और आर्थिक परेशानी से ग्रस्त आम लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया था। लोगों ने राजधानी कोलंबो में राष्ट्रपति के आवास के बाहर मजमा इकट्ठा किया था। यहां हिंसा भी हुई थी। तमाम वाहन फूंक दिए गए थे। जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे थे और रबड़ की गोलियां भी चलाई थीं। कई और शहरों में भी हिंसा और जमकर प्रदर्शन हुए थे। जिसके बाद राष्ट्रपति गोटाबाया ने इमरजेंसी लागू कर कर्फ्यू लगा दिया था। अब कर्फ्यू हटा लिया गया है, लेकिन इमरजेंसी अभी लागू है।

Gotabaya Rajapaksa sri lanka president

इमरजेंसी के तहत कदम उठाते हुए श्रीलंका की सरकार ने करीब एक दर्जन सोशल मीडिया साइट्स को भी ब्लैकआउट कर दिया है। इनमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम के साथ वाट्सएप भी है। मीडिया साइट्स को ब्लैकआउट कर सरकार दरअसल आम लोगों के बीच किसी तरह की अफवाह को फैलने से रोकना चाहती है। बहरहाल, अब कर्फ्यू हटने के बाद कोलंबो समेत सभी जगह दुकानें खुल गई हैं, लेकिन महंगाई की मार अब भी जारी है। श्रीलंका में वहां की मुद्रा में रसोई गैस का सिलेंडर 4500 रुपए को पार कर गया है। चाय 100 रुपए कप बिक रही है। बिजली कई घंटे तक काटी जा रही है। इनसे भी लोग काफी परेशान हैं।