News Room Post

Chaitra Navratri 2022: जानिए, नवरात्रि में किस दिन होगी किस देवी की पूजा, क्या है कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त

नई दिल्ली। हिंदु धर्म में नवरात्रि का त्योहार बड़े ही धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। नवरात्रि के दिनों में मां दुर्गा के 9 रूपों की पूजा की जाती है। वैसे तो पूरे साल भर में 4 नवरात्रे आते हैं लेकिन इनमें से दो नवरात्रियों का ज्यादा महत्व होता है। कहते हैं जो लोग नवरात्रि में मां की पूजा-अर्चना करते हैं उन्हें देवी दुर्गा की खास कृपा मिलती है। ऐसे में लोगों को देवी मां को प्रसन्न करने के लिए सच्चे मन से उनकी पूजा-अर्चना करनी चाहिए। इस साल चैत्र नवरात्रि 2 अप्रैल से शुरू होकर 11 अप्रैल को रामनवमी के साथ समाप्त हो जाएगी। 2 अप्रैल को ही कलश स्थापना की जाएगी। जो लोग पहली बार नवरात्रि का व्रत कर रहे हैं और ये नहीं जानते कि किस दिन, किस माता की अराधना की जाती है तो हमारी इस खबर में इसकी जानकारी हम देने जा रहे हैं…

कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त

2 अप्रैल को ही कलश स्थापना की जाएगी। इस दिन कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 22 मिनट से सुबह 8 बजकर 31 मिनट तक रहेगा। अगर आप इसी शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना करते हैं तो आपको इससे शुभ परिणाम मिलते हैं।

देखें 1 से 9वें दिन तक किस माता की होती है पूजा 

पहला दिन- नवरात्रि के पहले दिन देवी शैलपुत्री की पूजा अर्चना की जाती है। शैलपुत्री पर्वतराज हिमालय की पुत्री हैं जिसके कारण उनका नाम शैलपुत्री पड़ा।

दूसरा दिन- नवरात्रि का दूसरा दिन देवी ब्रह्मचारिणी को समर्पित है। मां की पूजा में हरे रंग के कपड़े पहनने चाहिए। इससे मां प्रसन्न होती हैं।

तीसरा दिन- नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। इस दिन आपको स्लेटी या फिर ग्रे रंग के कपड़े पहनने चाहिए। मां को ग्रे रंग काफी प्रिय है। आप चाहें तो ग्रे रंग के साथ मिक्स एंड मैच कर खूबसूरत लुक बना सकते हैं।

चौथा दिन- नवरात्रि के चौथे दिन कुष्मांडा देवी की पूजा की जाती है। मां की पूजा के दौरान या दिनभर आपको नारंगी रंग के कपड़े पहनने चाहिए। महिलाओं के साथ ही पुरुषों को भी नवरात्रि के नौ दिनों में रंगों का खास ध्यान रखना चाहिए।

पांचवा दिन- नवरात्रि का पांचवा दिन स्कंदमाता को समर्पित है। मां को सफेद रंग बेहद प्रिय है। ऐसे में अगर आप माता को प्रसन्न करना चाहते हैं तो आप इस दिन आप सफेद रंग के कपड़े पहन सकते हैं।

छठा दिन- नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती है। इस दिन आपको लाल रंग के कपड़े पहनने चाहिए। मां के श्रंगार के सामान में भी आपको लाल रंग का इस्तेमाल करना चाहिए।

सातवां दिन- नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। मां की पूजा के लिए आपको नीले रंग के कपड़े पहनने चाहिए। इससे मां प्रसन्न होती हैं।

आठवां दिन- नवरात्रि के आठवें दिन महागौरी की पूजा की जाती है। मां को गुलाबी रंग काफी पसंद है। ऐसे में आप इस दिन गुलाबी रंग के कपड़े पहन सकते हैं। जो लोग इस दिन गुलाबी रंग के वस्त्र पहनते हैं उन्हें माता की विशेष कृपा मिलती है।

नौवां दिन- नवरात्रि के नौवे दिन मां को बैंगनी या जामुनी रंग कपड़े पहनने चाहिए। ये दिन मां सिद्धिदात्री का है जो सबकी सिद्धियों को पूरी करती है। ऐसे में अगर देवी मां को नवरात्रि के नौवें दिन प्रसन्न करना है तो आपको इस दिन बैंगनी रंग के कपड़ों को पहनना चाहिए।

Exit mobile version