News Room Post

Karva Chauth 2022: इस दिन मनाया जाएगा करवाचौथ का त्योहार, पूजा में जरूर शामिल करें ये मुख्य चीजें

नई दिल्ली। त्योहारों का सिलसिला शुरू हो चुका है। हाल ही में नवरात्रि और दशहरा मनाया गया था, अब जल्द ही करवा चौथ का व्रत रखा जाएगा। पति-पत्नी के प्रेम को प्रदर्शित करता ये त्योहार 13 अक्टूबर के दिन मनाया जाएगा। करवा चौथ (करवा चौथ 2022) का व्रत हर साल कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन विवाहित महिलाएं व्रत रखकर अपने पति की सुरक्षा, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की दुआ मांगती हैं। विवाहित महिलाओं के अतिरिक्त इस व्रत को अविवाहित लड़कियां (जिनकी शादी तय है) भी इस दिन निर्जला व्रत रख सकती हैं। करवा चौथ में चांद के दर्शन कर व्रत का पारण किया जाता है। कहा जाता है कि इस परंपरा की शुरूआत पंजाब से हुई थी। धीरे-धीरे ये पूरे देश में फैल गया। पंजाब के अलावा, उत्तर प्रदेश में भी इस व्रत का काफी महत्व है। विवाहित महिलाएं वर्ष भर इस व्रत का इंतजार करती हैं। करवा चौथ के व्रत में कुछ पूजा सामग्री को शामिल करना बहुत जरूरी होता है, तो आइए जानते हैं कौन सी हैं वो चीजें साथ ही जानते हैं शुभ-मुहूर्त…

शुभ-मुहूर्त

करवा चौथ का व्रत हर साल कार्तिक मास की चतुर्दशी तिथि को रखा जाएगा, जो 13 अक्टूबर 2022 गुरुवार को पड़ रही है। चतुर्थी तिथि का आरंभ 13 अक्टूबर 2022 की सुबह 01.59 बजे से हो जाएगा, जो 14 अक्टूबर 2022 की सुबह 03.08 पर समाप्त हो जाएगा।

करवा चौथ की पूजा के लिए आवश्यक सामग्री

करवा चौथ के पूजन के लिए पूजा थाली में पान, व्रत कथा पुस्तक, चलन, कलश, चंदन आदि जरूर शामिल करें। इसके अलावा फूल, हल्दी, चावल, मिठाई, कच्चा दूध, दही, देसी घी, शहद, चीनी पाउडर, कुमकुम, अक्षत, दीपक, अगरबत्ती, कपूर, गेहूं, वात (कपास), खीर जैसी सामग्री का प्रयोग भी अवश्य करें।

करवा चौथ की पूजा के दौरान महिलाओं का लाल चूड़ियां, सिंदूर और दुपट्टे के साथ लाल साड़ी पहनना शुभ माना जाता है।

Exit mobile version