News Room Post

कोविड-19 : ब्रिटिश पेट्रोलियम ने 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी करने का किया ऐलान

नई दिल्ली। दुनियाभर में कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन लागू किया गया था। जिसकी वजह से दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाएं बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। इससे करोड़ों नौकरियां जाने का खतरा मंडरा रहा है। इसी बीच यूके की तेल कंपनी ब्रिटिश पेट्रोलियम ने 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी करने का ऐलान किया है।

बता दें कि मौजूदा समय में कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या 70 हजार है। इस हिसाब से कंपनी लगभग 15 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। कंपनी के सीईओ बर्नार्ड लूनी ने अपने 70 हजार कर्मचारियों को ईमेल लिखकर बताया है कि बीते दिनों तेल की मांग में भारी गिरावट होने के कारण अब इस घाटे से उबरना जरूरी है और इसी वजह से हम कंपनी के 10,000 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रहे हैं।

जिन लोगों को कंपनी से बाहर किया जाएगा, उसमें अधिकतर वरिष्ठ अधिकारी होंगे, कम सैलरी पाने वाले कर्मचारियों को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा। लूनी ने कहा है कि कंपनी अपने खर्चों में आगे भी कमी कर सकती है। वहीं 2021 में कंपनी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सैलरी में बढ़ोतरी नहीं दे रही है।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कीमतों में तेजी से वृद्धि हुई है क्योंकि सरकार लॉकडाउन में छूट देते हुए व्यवसायों को धीरे-धीरे फिर से खोलने की अनुमति दे रही है। कंपनी का कहना है कि इस साल सैलरी बोनस नहीं मिलेगा।

Exit mobile version