News Room Post

SEBI Sent Notice To Hindenburg : सेबी ने हिंडनबर्ग को इस मामले में भेजा है 46 पन्नों का कारण बताओ नोटिस

नई दिल्ली। भारत की मार्केट रेगुलेटर सेबी (भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड) ने अमेरिका की शॉर्ट सेलर कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हिंडनबर्ग ने पिछले साल 2023 में भारत के अडाणी समूह पर गंभीर वित्तीय आरोप लगाते हुए अपनी रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट के जारी होने के बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में अचानक गिरावट आ गई थी। इसी मामले में सेबी ने हिंडनबर्ग को 46 पन्नों का नोटिस भेजते हुए जवाब मांगा है। सेबी ने नोटिस में कहा कि हिंडनबर्ग ने बिना किसी साक्ष्य के अपनी रिपोर्ट में गलत आरोप लगाए।

दूसरी तरफ, सेबी के नोटिस से गुस्साए हिंडनबर्ग ने बचाए नोटिस का जवाब देने के उल्टा सेबी पर ही आरोप लगा दिया। हिंडनबर्ग ने कहा कि सेबी धोखाधड़ी करने वालों को बचा रहा है। वहीं, हिंडनबर्ग ने भारतीय बैंक कोटक महिंद्रा को भी इस मामले में घेरते हुए कहा कि कोटक बैंक ने एक ऑफशोर फंड स्ट्रक्चर बनाया। इस ऑफशोर फंड स्ट्रक्चर का इस्तेमाल उसके इन्वेस्टर पार्टनर ने अडानी ग्रुप के शेयरों में ट्रेडिंग के लिए किया। हिंडनबर्ग ने कहा वह सेबी के उन कर्मचारियों के नाम मांगने के लिए एक आरटीआई दायर करेगा, जिन्होंने अडाणी और हिंडनबर्ग दोनों मामलों पर काम किया।

गौरतलब है कि हाल ही में 24 जून को अडाणी ग्रुप की सालाना बैठक में कंपनी के चेयरमैन गौतम अडाणी ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट और उसके बाद कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट का भी जिक्र किया था। गौतम अडाणी ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में मजबूती से खड़े रहने की क्षमता ही सफलता का असली पैमाना है और हमने यह कर दिखाया। अडाणी ग्रुप इस बुरे दौर का सामना करते हुए पहले से ज्यादा मजबूत बनकर उभरा है। इससे यह साबित हो गया कि कोई भी चुनौती अडाणी ग्रुप की नींव को कमजोर नहीं कर सकती है।

Exit mobile version