News Room Post

Forbes Billionaire List: फोर्ब्स के मुताबिक दुनिया में 9वें नंबर के अमीर बने मुकेश अंबानी, जानिए गौतम अडानी का हाल

gautam adani and mukesh ambani

न्यूयॉर्क। फोर्ब्स ने मंगलवार को दुनियाभर के अमीरों की ताजा लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में भारत के सबसे नामचीन उद्योगपति मुकेश अंबानी ने 9वां स्थान बनाया है। फोर्ब्स की लिस्ट में मुकेश अंबानी के पास 83.4 अरब डॉलर की संपत्ति बताई गई है। इस लिहाज से मुकेश अंबानी एशिया में भी सबसे अमीर हो गए हैं। काफी समय तक दुनिया के अमीरों में दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे और हिंडेनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट से झटका खाए गौतम अडानी एक बार फिर अमीरों की लिस्ट में नीचे आ गए हैं। फोर्ब्स के मुताबिक गौतम अडानी 47.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के 24वें नंबर के अमीर हैं।

फोर्ब्स की लिस्ट के अनुसार गौतम अडानी इस साल 24 जनवरी को दुनिया के तीसरे नंबर के अमीर थे। उस तारीख को उनकी संपत्ति 126 अरब डॉलर थी। हिंडेनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में अडानी ग्रुप पर तमाम आरोप लगाए गए थे। इनमें खातों में गड़बड़ी और शेयर की कीमत में उछाल लाने के लिए अवैध तरीके अपनाए जाने की बात थी। इसके बाद से ही गौतम अडानी की कंपनियों के शेयर के भाव गिरने लगे और इससे अमीरों की लिस्ट में वो लुढ़कते रहे। बीच में हालात कुछ सुधरे थे और गौतम अडानी 22वें नंबर पर आ गए थे, लेकिन अब फिर वो 24वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वैसे गौतम अडानी अब भी देश में दूसरे नंबर के अमीर हैं।

फोर्ब्स की लिस्ट के मुताबिक लिस्ट में भारतीय अमीरों की तादाद बढ़ी है। साल 2022 में फोर्ब्स की लिस्ट में 166 भारतीय थे। ताजा लिस्ट में इनकी संख्या 169 है। मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज पिछले साल 100 अरब डॉलर से ज्यादा की आय वाली कंपनी बन गई है। ताजा लिस्ट के मुताबिक फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं। उनकी संपत्ति 211 अरब डॉलर है। ट्विटर, स्पेस एक्स और टेस्ला के मालिक 180 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे नंबर पर और जेफ बेजोस 114 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे नंबर पर हैं। बिल गेट्स 104 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ छठे नंबर पर हैं। किसी जमाने में बिल गेट्स अमीरों की लिस्ट में टॉप पर रहा करते थे।

Exit mobile version