News Room Post

ओयो इंडिया ने कर्मचारियों को जबरन छुट्टी या खुद से नौकरी छोड़ने का दिया प्रस्ताव

देश में जारी कोरोना महामारी (Corona Pandemic) के बीच होटल कंपनी ओयो इंडिया (Oyo India) ने अपने कर्मचारियों को एक बड़ा झटका दिया है।

OYO hotel

नई दिल्ली। देश में जारी कोरोना महामारी (Corona Pandemic) के बीच लोगों के सामने रोजगार का बड़ा संकट खड़ा है। किसी की सैलरी में कटौती की जा रही है या किसी को निकाला जा रहा है। हाल ही में होटल कंपनी ओयो इंडिया (Oyo India) ने भी अपने कर्मचारियों को एक ऐसा ही बड़ा झटका दिया है।

दरअसल, ओयो ने सीमित लाभ के साथ छुट्टियों पर भेजे गए कर्मचारियों के सामने खुद कंपनी से अलग होने या छह महीने के लिए छुट्टियों को आगे खिसकाने का प्रस्ताव रखा है।

ओयो के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अधिकारी रोहित कपूर ने कहा, ”हम जानते हैं कि आपको रोक कर रखना चुनौतीपूर्ण है। लेकिन यह ऐसी स्थिति के चलते हुआ है जो ना आपके नियंत्रण में है और न ही हमारे। आप स्वयं कंपनी से अलग होने या छह महीने के लिए और 28 फरवरी 2021 तक सीमित लाभ के साथ वाली छुट्टियां आगे खिसका सकते हैं।”

कपूर ने कहा कि आदर्श स्थिति में ओयो ऐसा कभी नहीं करता। हमें पता है कि आपने हमसे बहुत उम्मीद की, लेकिन हमें इसके लिए खेद है। हम वर्तमान में ऐसी दुनिया में जी रहे हैं जहां सब कुछ आदर्श से बहुत दूर है।

4 माह की छुट्टी पर भेजे गए कर्मचारी

आपको बता दें कि कोविड-19 संकट के चलते ओयो ने अपने भारतीय परिचालन के कई कर्मचारियों को चार मई से सीमित लाभ के साथ चार महीने की छुट्टी पर भेज दिया था। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों से उनके वेतन में 25 प्रतिशत कटौती स्वीकार करने को कहा था।

Exit mobile version