News Room Post

RBI Decision: 2000 के अलावा अगर आपके पास 500 रुपए के नोट भी हैं, तो इस खबर को गौर से पढ़ लीजिए

मुंबई। अगर आपके पास 2000 के नोटों के अलावा 500 के भी नोट हैं, तो इस खबर को पढ़ना जरूरी है। 500 के नोटों की खबर बाद में बताते हैं। पहले जान लीजिए कि 2000 के नोटों के बारे में ताजा जानकारी क्या है। रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 2000 के नोटों को वापस लेने की प्रक्रिया 23 मई से शुरू की थी। 2000 के नोट 30 सितंबर 2023 तक वापस लिए जाने हैं, लेकिन लगता है जिनके पास 2000 के नोट हैं, वो इसे जल्द से जल्द बदलवाने में जुटे हैं। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने आज बताया कि 2000 रुपए के जो नोट बाजार में थे, उनमें से 50 फीसदी अब तक वापस भी आ चुके हैं। शक्तिकांत दास ने बताया कि आरबीआई ने जब 2000 के नोट वापसी की बात कही, तब बाजार में 3.62 लाख करोड़ के ऐसे नोट चलन में थे। अब तक इनमें से 1.80 लाख करोड़ रुपए कीमत के 2000 के नोट वापस भी आ चुके हैं। आरबीआई गवर्नर के मुताबिक इनमें से 85 फीसदी 2000 के नोटों को लोगों ने खातों में जमा कराया है।

2000 रुपए के नोटों को वापस लेने के आरबीआई के फैसले के बाद ये अटकलें लग रही थीं कि आगे चलकर 500 के नोट भी वापस लिए जा सकते हैं। कुछ लोग मान रहे थे कि आरबीआई एक बार फिर 1000 रुपए के नोट जारी कर सकता है। इन अटकलों के बारे में भी शक्तिकांत दास ने जवाब दिया। उन्होंने साफ कर दिया कि 500 के नोट वापस लेने के बारे में अभी नहीं सोचा जा रहा है। 1000 रुपए के नोट भी आरबीआई नहीं लाने जा रहा है। आरबीआई गवर्नर ने कहा कि 2000 के नोटों को बदलवाने के लिए लोग घबराएं या हड़बड़ी न दिखाएं। इसके लिए उनके पास काफी वक्त है। हां, अंतिम समय में आपाधापी से बचने के लिए उनको जल्द से जल्द 2000 रुपए के नोट या तो खाते में जमा करा देना चाहिए या बदलवा लेना चाहिए।

2000 रुपए के नोटों को रिजर्व बैंक ने साल 2016 में नोटबंदी के वक्त जारी किया था। इन नोटों को रिजर्व बैंक ने 2017 से ही छापना बंद कर दिया। बीते कुछ महीनों में इनकम टैक्स और ईडी के छापों में आरोपियों के यहां 2000 के नोटों के बंडल निकले। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि 2000 रुपए के नोटों को बंद किया जाएगा। सरकार ने इन नोटों को बंद तो नहीं किया, लेकिन चलन से बाहर करने का फैसला रिजर्व बैंक ने जरूर सुना दिया।

Exit mobile version