News Room Post

Stocks In Red: शेयर बाजार आज छठे दिन भी ढेर, बीएसई और एनएसई में बड़ी गिरावट

मुंबई। आज भी शेयर बाजार में हाहाकार मचा है। इस हफ्ते का ये दूसरा कारोबारी दिन है और आज भी शेयर बाजार में लाल निशान हावी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज BSE का 30 शेयर का सेंसेक्स 1000 से ज्यादा अंक टूट गया। वहीं, निफ्टी में 291 अंक की गिरावट देखी गई। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 56489 और निफ्टी 16858 अंक तक लुढ़क चुका था। शेयर बाजार खुलते ही सेंसेक्स में 808 अंकों की गिरावट हो गई थी। वहीं, निफ्टी भी 232 अंक नीचे खुला था। इससे निवेशकों को लाखों करोड़ का नुकसान हो गया है।

शेयर बाजार में लगातार गिरावट का दौर पिछले 6 दिन से जारी है। कल भी शेयर मार्केट में कत्लेआम की हालत थी। सोमवार को कारोबार की शुरुआत ही गिरावट से हुई थी और दिनभर शेयर सूचकांक लगातार गिरता रहा। कल शेयर बाजार 1546 अंक गिरकर 57491 और निफ्टी 468 अंक नीचे 17149 अंकों पर बंद हुआ था।

शेयर बाजार में पिछले मंगलवार को 554, बुधवार को 656, गुरुवार को 633 और शुक्रवार को 427 अंकों की गिरावट आई थी। कारोबार के दौरान सबसे ज्यादा नुकसान नायका, जोमैटो और पेटीएम के शेयरों को हो रहा है। इससे इन कंपनियों में निवेश करने वाले परेशान हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में शेयर बाजार और गिर सकता है। बजट आने के बाद यानी 1 फरवरी से सूचकांक में बढ़त की उम्मीद की जा रही है।

Exit mobile version