News Room Post

Who Is Noel Tata In Hindi? : कौन हैं नोएल टाटा? जिनको चुना गया है टाटा ट्रस्ट का नया अध्यक्ष

Who Is Noel Tata In Hindi? : नोएल टाटा पिछले लगभग 40 सालों से टाटा समूह से जुड़े हुए हैं। वो टाटा ट्रस्ट के अंतर्गत आने वाले सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के मेंबर हैं। इसके अलावा वो टाटा इंटरनेशनल, वोल्टास और टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन भी हैं।

नई दिल्ली। रतन टाटा की मृत्यु के बाद अब नोएल टाटा को टाटा ट्रस्ट का नया अध्यक्ष चुना गया है। टाटा ट्रस्ट के बोर्ड मेंबर्स की बैठक में समूह के नए चेयरमैन के रूप में नोएल टाटा के नाम पर मोहर लगी। 67 वर्षीय नोएल दिवंगत रतन टाटा के सौतेले भाई हैं। नोएल टाटा पिछले लगभग 40 सालों से टाटा समूह से जुड़े हुए हैं। वो टाटा ट्रस्ट के अंतर्गत आने वाले सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के भी मेंबर हैं। इसके अलावा वो टाटा इंटरनेशनल, वोल्टास और टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन भी हैं। टाटा स्टील और टाइटन कंपनी लिमिटेड में नोएल वर्तमान में वाईस चेयरमैन की भूमिका भी निभा रहे हैं। अब उन्हें पूरे टाटा ट्रस्ट की जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।

नोएल के पिता का नाम नवल एच. टाटा और उनकी मां का सिमॉन टाटा है। नोएल की पत्नी आलू मिस्त्री शापूरजी-पल्लोनजी ग्रुप समूह के चेयरमैन पल्लोनजी मिस्त्री की बेटी हैं। नोएल ओर आलू के बीच बच्चे, एक बेटा और दो बेटी हैं और वो भी टाटा ग्रुप के साथ जुड़े हुए हैं, हालांकि उनके तीनों ही बच्चे लाइम लाइट से दूर रहते हैं। नोएल के तीनों बच्चे टाटा ग्रुप में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। नोएल टाटा की सबसे बड़ी बेटी लिआ टाटा होटल इंडस्ट्री का कारोबार संभाल रही हैं। लिआ को हाल ही में इंडियन होटल्स के गेटवे ब्रांड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नोएल की दूसरी बेटी माया टाटा ने रतन टाटा के मार्गदर्शन में अपने करियर की शुरुआत की थी। वो शुरू में टाटा अपॉर्चुनिटीज फंड से जुड़ी रहीं। वर्तमान में वो टाटा डिजिटल के साथ जुड़ी हुई हैं। वहीं नोएल के बेटे नेविल टाटा की बात करें तो वो 2016 से ट्रेंट के साथ जुड़े हैं और स्टार बाजार के प्रमुख हैं। आपको बता दें कि नोएल को पहले टाटा संस का चेयरमैन चुना गया था, लेकिन बाद में साइरस मिस्त्री को चेयरमैन बना दिया गया था। मिस्त्री के टाटा समूह छोड़ने के बाद एन. चंद्रशेखरन ने टाटा संस की जिम्मेदारी संभाली।

Exit mobile version