News Room Post

Covid: देश में फिर मिले 1 लाख से ज्यादा कोरोना मरीज, Omicron मरीजों की संख्या भी 3000 पार

नई दिल्ली। कोरोना के नए मरीजों की संख्या में और बढ़ोतरी हुई है। करीब एक हफ्ते पहले हर रोज 10000 मरीज मिल रहे थे। अब ये आंकड़ा हर रोज 1 लाख के पार हो चुका है। वहीं, ओमिक्रॉन वैरिएंट अब 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंच गया है। ओडिशा में इस वैरिएंट से एक महिला की जान गई है। इससे पहले एक और शख्स की जान ओमिक्रॉन ले चुका है। फिलहाल ओमिक्रॉन के कुल मरीजों का आंकड़ा 3000 के पार चला गया है। देश के सिर्फ 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिली जानकारी डराने वाली है। सिर्फ इतने ही राज्यों में शुक्रवार देर रात तक 131305 नए मरीज मिल चुके थे। इस दौरान 263 लोगों की जान गई। इनमें से 189 मरीज सिर्फ केरल में मारे गए। जबकि महाराष्ट्र में 20 और पश्चिम बंगाल में 18 और लोगों ने कोरोना से जान गंवाई।

नए आंकड़े आने के बाद देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या भी साढ़े 4 लाख के पार जा चुकी है। सबसे खराब हाल देश की राजधानी दिल्ली, मुंबई और पश्चिम बंगाल में है। महाराष्ट्र में शुक्रवार को 40925 नए कोरोना मरीज मिले। इनमें से 20971 मरीज सिर्फ मुंबई के हैं। दिल्ली में 17335 मरीजों और 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। पश्चिम बंगाल में 18213 मरीज मिले। इनके अलावा यूपी, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में भी हालात गंभीर हो चुके हैं। इन राज्यों में भी हर रोज बड़ी संख्या में कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला जारी है।

अब बात करते हैं ओमिक्रॉन संक्रमितों की। इसके भी कुल केस की संख्या बढ़कर शुक्रवार रात तक 3032 हो चुकी थी। महाराष्ट्र में 876, दिल्ली में 465, गुजरात में 204, केरल में 305, कर्नाटक में 333 और राजस्थान में 291 ओमिक्रॉन मरीज हो चुके हैं। ओमिक्रॉन से देश में दूसरी मौत भी हुई है। ओडिशा के बोलांगीर में 50 साल की एक महिला की मौत के बाद उसके सैंपल की रिपोर्ट आई। इसमें ओमिक्रॉन मिला। इससे पहले जयपुर में एक 75 साल के बुजुर्ग की ओमिक्रॉन से मौत की पुष्टि हुई थी। महिला की मौत 27 दिसंबर 2021 को बुर्ला मेडिकल कॉलेज में हुई थी।

Exit mobile version