News Room Post

देश के लिए अच्छी खबर, कोरोना वायरस का रिकवरी रेट बढ़कर 55 प्रतिशत के पार

uttrakhand corona

नई दिल्ली। देश कोरोना के नए मामले तेजी के साथ बढ़ते चले जा रहे हैं। रविवार की सुबह तक देश में कुल मामलों की संख्या 4 लाख 10 हजार 461 हो गई है। इसके अलावा इससे मरने वालों की कुल संख्या 13 हजार 254 हो गई है। हालांकि इसके बीच एक अच्छी खबर भी सामने आई है। बता दें कि देश में कोरोना के मामले भले ही तेजी के साथ बढ़ रहे हों लेकिन इसके मरीजों के ठीक होने की रफ्तार भी तेजी से बढ़ रही है।

रिकवरी रेट बढ़कर 55 प्रतिशत के पार

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान देश में कोरोना वायरस से 13920 लोग ठीक हुए हैं। इन मामलों के साथ देश में अब कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़कर 2 लाख 27 हजार 755 हो गया है। देश में अब कोरोना वायरस का रिकवरी रेट बढ़कर 55 प्रतिशत के पार हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर अकेले दिल्ली में ही 7725 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं।

मृत्यु की दर 3 प्रतिशत के ऊपर

वहीं कोरोना से मरने वालों पर नजर डालें तो देश में कोरोना वायरस से मृत्यु की दर 3 प्रतिशत के ऊपर पहुंच चुकी है। पिछले 24 घंटे के अंदर ही देश में कोरोना वायरस की वजह से 306 लोगों की जान जाने की खबर है। अबतक यह जानलेवा वायरस देश में 13254 लोगों की जान ले चुका है। कोरोना वायरस की वजह से देशभर में सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र और दिल्ली में ही हुई हैं। महाराष्ट्र में अबतक यह वायरस 5984 लोगों की जान ले चुका है जबकि दिल्ली में कोरोना वायरस की वजह से अबतक 2112 लोगों की जान गई है।

इसके अलावा अगर दुनियाभर में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखें तो दुनियाभर में कोरोना के कुल मामलों का आंकड़ा 89.15 लाख को पार कर गया है और 4.66 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 47.38 लाख से ज्यादा कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं।

Exit mobile version