News Room Post

महाराष्ट्र की महिला चुनाव आयुक्त नीला सत्यनारायण का कोविड से निधन

मुंबई। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी और महाराष्ट्र की पहली महिला चुनाव आयुक्त बनकर इतिहास रचने वाली नीला सत्यनारायण का यहां के एक निजी अस्पताल में कोविड-19 के कारण निधन हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 1972 बैच की आईएएस अधिकारी सत्यनारायण (71) ने राज्य सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया और आखिरकार नौकरशाही सेवा के 42 वर्षों के कार्यकाल में एसईसी पद पर उन्हें काबिज किया गया था।

इसके अलावा, वह एक प्रवीण कवयित्री, लेखिका, गायिका, कंपोजर और संगीत निर्देशक थीं, जिन्होंने कई मराठी फिल्मों और कुछ बॉलीवुड गाने कंपोज किए थे। कोरोना उपचार के लिए उन्हें कुछ दिन पहले एक निजी उपनगरीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था और आज अल सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। यह राज्य के राजनीतिक हलके के लिए किसी झटके से कम नहीं है।

नीला के निधन पर संवेदान प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि राज्य उन्हें हमेशा “एक अनुभवी और संवेदनशील महिला के रूप में याद रखेगा, जिन्होंने कला और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, युवाओं को सिविल सेवाओं की ओर प्रेरित किया” और एसईसी को जनता के करीब ला दिया।

उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने दुख जाहिर करते हुए कहा कि शासन और साहित्य में उनका योगदान हमेशा सभी के लिए प्रेरणा रहेगा। नीला सत्यनारायण के निधन पर शोक प्रकट करते हुए, राज्य कांग्रेस अध्यक्ष और राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने कहा कि वह “एक कठोर प्रशासक और एक संवेदनशील लेखिका भी थीं” और उनका असामयिक निधन दुखद है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार दुख प्रकट करते हुए कहा कि “वह पहली महिला एसईसी थीं .. हमने एक मानवीय और करुणामयी पूर्व अधिकारी खो दिया है।”

Exit mobile version