News Room Post

Surge: देश में कोरोना मरीजों की संख्या 1.5 लाख और बढ़ी, मृत्युदर घटने से राहत

corona virus in delhi and mumbai

नई दिल्ली। कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। देश में रविवार को एक दिन मे डेढ़ लाख मरीज मिले। ये संख्या 224 दिन बाद देखी गई। इससे अब सक्रिय मामले भी करीब 6 लाख हो चुके हैं। संक्रमण दर 10.21 फीसदी हो गई है। जबकि, ठीक होने की दर करीब 97 फीसदी है। मृत्युदर भी पहले के 1.38 से घटकर 1.36 फीसदी हो गई है। उधर, ओमिक्रॉन वैरिएंट भी तेजी से बढ़ रहा है। पश्चिम बंगाल में कोरोना की शुरुआत के बाद सबसे ज्यादा 24287 नए मरीज एक दिन में मिले। यहां 18 लोगों की जान चली गई। बंगाल में पॉजिटिविटि रेट बढ़कर 33.89 फीसदी हो गया है। महाराष्ट्र में रविवार रात तक 44388 केस मिले। 12 लोगों की जान राज्य में गई। इनमें से मुंबई मे ही कोरोना के 19474 केस मिले हैं। मुंबई पुलिस में 114 कर्मचारी कोरोना पीड़ित हैं। इनमें 4 अतिरिक्त कमिश्नर, 1 ज्वाइंट सीपी, 13 डीसीपी हैं। यहां बीते 48 घंटे में 2 पुलिसकर्मियों को जान गंवानी पड़ी है।

देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को 22751 लोगों में कोरोना मिला। यहां करीब 8 महीने बाद एक दिन में सबसे ज्यादा मरीज मिले। इससे पहले 1 मई 2021 को 25219 मरीज मिले थे। दिल्ली में रविवार को 17 कोरोना मरीजों की मौत हो गई। 16 जून 2021 के बाद मौतों का ये सबसे बड़ा आंकड़ा है। कर्नाटक में कोरोना के 12000 नए केस सामने आए। इनमें से अकेले बेंगलुरु मे 9020 केस हैं। केरल में बीते 24 घंटे में 6238 कोरोना मरीज और मिले हैं। यहां 30 लोगों की जान गई। केरल में सक्रिय मामले 34902 हो गए हैं।

राजस्थान में कोरोना के और 5660 नए केस मिले हैं। एक मरीज ने यहां जान गंवाई है। जबकि, 358 मरीज ठीक हुए हैं। राजस्थान में सक्रिय मामलों की संख्या 19467 हो गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में कोरोना के 498 नए केस सामने आए। यहां भी एक मरीज ने जान गंवाई। कुल 156 लोग बीमारी से मुक्त हुए। अब हिमाचल प्रदेश में कोरोना के 3148 सक्रिय मामले हैं। इन राज्यों के अलावा देश के सभी राज्यों में कोरोना के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। ओमिक्रॉन वैरिएंट अब 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंच चुका है। इससे आने वाले दिनों में अस्पतालों में बेड्स की कमी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी लक्षण कमजोर होने की वजह से ज्यादातर कोरोना मरीज घर पर ही इलाज से ठीक हो रहे हैं।

Exit mobile version