News Room Post

Congress: इस लोकसभा सीट पर कांग्रेस चलने वाली है अपना ‘ब्रह्मास्त्र’!, सूत्रों के मुताबिक नेतृत्व कर रहा गंभीर मंथन

नई दिल्ली। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति आज रात 8.30 बजे बैठक करने जा रही है। इस बैठक में कांग्रेस का नेतृत्व बची हुई 11 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम फाइनल करेगा। इस बीच, सूत्रों के हवाले से एक खबर आ रही है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस का नेतृत्व अमेठी से राहुल गांधी को नहीं लड़ाने जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व गंभीर मंथन में जुटा है कि राहुल गांधी की जगह अमेठी सीट पर महिला बनाम महिला का मुकाबला बनाया जाए। यानी अमेठी सीट पर कांग्रेस प्रियंका गांधी वाड्रा को अपना उम्मीदवार बना सकती है। वहीं, राहुल गांधी को पड़ोस की रायबरेली सीट से कांग्रेस का प्रत्याशी बनाया जा सकता है। प्रियंका गांधी को कांग्रेस अपना ब्रह्मास्त्र भी मानती रही है। पार्टी के नेता हमेशा प्रियंका की छवि को इंदिरा गांधी की छवि से जोड़ते हैं और दोनों की नाक और चेहरा एक जैसा होने का हवाला भी देते हैं।

दरअसल, पिछले लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट पर राहुल गांधी को बीजेपी की स्मृति इरानी ने हरा दिया था। राहुल गांधी तब केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़े थे और जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। इस बार भी राहुल गांधी वायनाड से चुनाव लड़े हैं और उनकी इस सीट पर वोटिंग शुक्रवार को हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के बड़े नेताओं का माना है कि राहुल गांधी की जगह प्रियंका गांधी वाड्रा को अमेठी से उतारकर स्मृति इरानी को मजबूत चुनौती दी जा सकती है। इसी वजह से अमेठी से प्रियंका गांधी का नाम फाइनल हो सकता है। वहीं, राहुल गांधी को करीब-करीब सेफ सीट समझी जाने वाली रायबरेली से मैदान में उतारा जा सकता है। रायबरेली की सीट ही कांग्रेस पिछले लोकसभा चुनाव में जीत सकी थी। यूपी की बाकी किसी भी सीट पर उसका प्रत्याशी चुनाव नहीं जीत सका था।

बहरहाल, अब देखना ये है कि कांग्रेस का नेतृत्व अपने इसी प्लान पर आगे बढ़ता है या नहीं। हालांकि, विपक्षी बीजेपी लगातार ये दावा कर रही है कि यूपी में सभी 80 सीटों पर उसके ही उम्मीदवार जीतेंगे। कांग्रेस यूपी में सिर्फ 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस को सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाले राज्य में बस इतना ही स्पेस दे रखा है।

Exit mobile version