News Room Post

Youtuber Vivek Bindra: संदीप महेश्वरी से विवाद के बाद विवेक बिंद्रा पर आई नई मुसीबत, शादी के 8 दिन बाद ही पत्नी ने लगाए मारपीट के आरोप

नई दिल्ली। विवेक बिंद्रा को आज कौन नहीं जानता है… विवेक बिंद्रा डिजिटल दुनिया के रॉकस्टार हैं। ”बड़ा बिजनेस” नाम का ऑर्गनाइजेशन चलाने वाले ये स्वघोषित बिजनेस कोच बीते कुछ दिनों से छाए हुए हैं। पहले तो विवेक अपने प्रतिद्वंदी युट्यूबर संदीप महेश्वरी के साथ बयानबाजी और छींटाकशी के कारण चर्चा में बने हुए थे। अब विवेक अपनी पत्नी को पीटने के मामले में बुरी तरह से फंसते हुए नजर आ रहे हैं। तो आइए जानते हैं क्या है पूरा माजरा!

पिछले कुछ सालों से युवाओं को खुद का बिजनेस करने का सपना दिखने वाले विवेक की नैय्या अब खुद मझदार में फंसती हुई नजर आ रही है। विवेक 41 साल के हैं और उन्होंने बीते 6 दिसंबर को शादी की थी। शादी के महज 8 दिनों के भीतर ही विवेक बिंद्रा की पत्नी यानिका ने नोएडा के सेक्टर 126 थाने में शिकायत दर्ज कराई है और विवेक पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।

11 दिसंबर को शुरू हुआ झगड़ा

विवेक बिंद्रा का सबसे पहले झगड़ा 11 दिसंबर को शुरू हुआ था। विवेक ने 6 दिसंबर को शादी की और शादी के 5 दिन बाद ही उन्होंने एक वीडियो देखा। ये वीडियो मशहूर युट्यूबर और विवेक बिंद्रा के कॉम्पिटिटर संदीप महेश्वरी का था। इस वीडियो में संदीप महेश्वरी 2 लोगों का इंटरव्यू करते नजर आ रहे हैं। दोनों लोग बिजनेस सिखाने के नाम पर पैसे ऐंठने के स्कैम की बात करते हैं। हालांकि इस वीडियो में कहीं भी विवेक बिंद्रा का नाम नहीं लिया गया था। इस बात के बाद ये मुद्दा #StopScamBusiness सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। इसके बाद संदीप महेश्वरी ने 1 और वीडियो रिलीज किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कुछ लोग उन्हें वीडियो हटाने की धमकी दे रहे हैं। लगातार 2 वीडियोज के बाद विवेक बिंद्रा ने भी 1 वीडियो जारी किया और दोनों ने एक दूसरे पर स्कैम करने के आरोप लगाए।

14 दिसंबर को पत्नी ने दर्ज कराई मारपीट की FIR

विवेक बिंद्रा अपने बिजनेस पर किए जा रहे इस तरह की छींटाकशी से जूझ ही रहे थे कि उनकी जिंदगी में एक और भूचाल ने दस्तक दे दी। 14 दिसंबर को उनकी पत्नी यानिका ने उनके खिलाफ नोएडा थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज करा दी है। बता दें कि 41 साल के विवेक बिंद्रा ने यानिका के साथ 6 दिसंबर को ही सात फेरे लिए थे। अब खुद को बिजनेस कोच बताने वाले बिंद्रा मुसीबतों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ FIR की खबर हर तरफ सुर्खियां बटोर रही हैं।

नोएडा थाने में विवेक बिंद्रा के खिलाफ शिकायत उनकी पत्नी यानिका के भाई वैभव ने दर्ज कराई है। वैभव ने आरोप लगाया कि- ”बिंद्रा नोएडा के सेक्टर 94 में स्थित सुपरनोवा वेस्ट रेसीडेंसी में रहते हैं। विवेक ने यानिका को इतना पीटा कि उसे कान से सुनाई देना बंद हो गया है। इतना ही नहीं विवेक ने यानिका को बाल पकड़कर भी खींचा, जिसके चलते उसके सिर पर भी चोट आई है। इलाज के लिए उन्हें कड़कड़डुमा के कैलाश दीप अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। वैभव ने आरोप लगाया है क‍ि इस मारपीट के दौरान व‍िवेक ने उनकी बहन का मोबाइल भी तोड़ द‍िया है।”

Exit mobile version