News Room Post

Parineeti Chopra Birthday: हरफनमौला एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा कभी हुईं थीं डिप्रेशन का शिकार, नौकरी तक से धोना पड़ा था हाथ

नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा आज यानी कि 22 अक्टूबर को अपना जन्मदिन मना रही हैं। परिणीति का जन्म 22 अक्टूबर 1988, को अम्बाला, हरियाणा में पवन चोपड़ा और रीना चोपड़ा के घर हुआ था। परिणीति चोपड़ा, बॉलीवुड से हॉलीवुड तक में अपना डंका बजाने वाली ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा की चचेरी बहन हैं। इनदिनों चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस 17 में अपना दमखम दिखा रही मन्नारा चोपड़ा भी परिणीति चोपड़ा की कजिन सिस्टर हैं। वहीं परिणीति चोपड़ा ने अभी हाल ही में पॉलिटिशियन राघव चड्डा से उदयपुर में रॉयल वेडिंग की है। परिणीति चोपड़ा ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में अपने बलबूते अपनी एक खास पहचान बनाई है।

विदेश में हो गईं थी जॉबलेस

परिणीति चोपड़ा बॉलीवुड इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा पढ़ी-लिखी अभिनेत्रियों में से एक हैं। उन्होंने 17 साल की उम्र में अंबाला में अपनी स्कूलिंग खत्म करने के बाद आगे की पढाई के लिए लंदन का रुख कर लिया था। परिणीति एक सी.ए. हैं। उन्होंने मैनचेस्टर बिजनेस स्कूल से फाइनेंस और इकोनॉमिक्स में ट्रिपल ऑनर्स की डिग्री हासिल की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद परिणीति ने विदेश में ही इनवेसमेंट बैंकर की जॉब की और वो वहां अच्छी तरह सैटल भी हो गई थीं लेकिन 2009 में आई आर्थिक मंदी के चलते उनकी जॉब चली गई और उनको भारत लौटना पड़ा। यहां उनके लुक और बॉडी को देखकर लोगों ने उन्हें बॉलीवुड में ट्राई करने की सलाह दी।

ऐसे जिंदगी ने ली करवट

बॉलीवुड में अपनी जगह बनाने के लिए जद्दोजहद कर रहीं परिणीति को पहला मौका साल 2011 में मिला, जब उन्होंने यश राज बैनर की फिल्म लेडीज वर्सेज रिकी बहल में एक खास रोल प्ले किया। ये रोल एक जॉली लेकिन इमोशनल लड़की का था। परिणीति इस रोल में काफी खूबसूरत और नैचुरल लगीं और उनके काम की काफी तारीफ भी हुई। इसके ठीक एक साल बाद 2012 में परिणीति ने यश राज बैनर की ही फिल्म ‘इश्कजादे’ से बतौर लीड एक्ट्रेस बॉलीवुड में एंट्री मारी। इस फिल्म में उनके अपोजिट अर्जुन कपूर थे। ‘इश्कजादे’ फिल्म सफल रही और ‘जोया’ के बेबाक किरदार से परिणीति ने बॉलीवुड में अपनी एक खास पहचान बनाई।

डिप्रेशन में चली गईं थीं परिणीति

परिणीति ने बॉलीवुड में नाम तो बना लिया लेकिन सफर इतना आसान नहीं था। परिणीति के रास्ते में भी तमाम तरह की मुश्किलें आईं। ये साल 2014 का वो समय था जब परिणीति की लगातार दो फिल्में फ्लॉप हुईं, तो उनका मनोबल टूट सा गया। ये वो दौर था जब परिणीति ने अपने लिए एक घर भी खरीदा था। इसके साथ ही उनकी जिंदगी में बहुत बुरा दौर शुरू हो गया। एक तरफ कमाई के साधन बंद थे और दूसरी तरफ अकेलापन। वो समाज से पूरी तरह कट गईं और घर में ही बंद रहकर बस टीवी देखती रहती थीं। लेकिन जीवन के इस कठिन समय में परिणीति के भाइयों ने उनका पूरा साथ दिया, जिनकी बदौलत परिणीति उस बुरे दौर से निकल पाईं। इसके बाद उनकी जिंदगी में फिर सब कुछ सामान्य हुआ और परिणीति जीवन की मुख्यधारा में लौट पाई। आज परिणीति एक हरफन-मौला और खुश मिजाज एक्ट्रेस के रूप में सबकी फेवरेट बन चुकी हैं। आपको बता दें कि परिणीति चोपड़ा एक्टर के साथ-साथ एक बेहतरीन ट्रेंड सिंगर भी हैं।

Exit mobile version