News Room Post

Box Office Collection: वेड, दृश्यम 2, अवतार 2, भेड़िया और सर्कस का अब तक कलेक्शन क्या रहा

नई दिल्ली। 2022 में बहुत सी फिल्में रिलीज़ हुईं, लेकिन कुछ ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई की। ज्यादातर फिल्मों का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बेहद न्यूनतम स्तर का रहा है। अजय देवगन की फिल्म दृश्यम 2 ने जहां बेहतरीन कलेक्शन किया वहीं भेड़िया बॉक्स ऑफिस पर वो असर नहीं दिखा सकी, जैसी उम्मीदें लगाईं जा रहीं थीं। इसके अलावा एक बार फिर हॉलीवुड फिल्म अवतार 2 का कलेक्शन बेहतरीन रहा। हॉलीवुड ने एक बार फिर से बॉलीवुड में जीत हासिल की। वहीं रणवीर सिंह की पिछली फिल्म 83 और जयेशभाई जोरदार की तरह सर्कस फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से पिट गई। साल 2022 खत्म होते-होते रितेश देशमुख की वेड रिलीज़ हुई और इस फिल्म ने बेहतरीन कलेक्शन करते हुए साल का समापन किया। यहां हम दृश्यम 2, अवतार: द वे ऑफ़ वॉटर, भेड़िया, सर्कस और वेड फिल्म के अब तक के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के बारे में बताने वाले हैं।

वेड फिल्म का कलेक्शन

रितेश देशमुख और जेनेलिआ की मराठी फिल्म वेड ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया है। इस फ़िल्म को करीब 2 करोड़ 25 लाख रूपये की ओपनिंग लगी थी और फिल्म के पहले वीकेंड का कलेक्शन करीब 10 करोड़ रूपये के आसपास था। इतने बेहतरीन वीकेंड कलेक्शन के बाद वीकडेज़ में भी फिल्म ने अच्छा कलेक्शन किया और रिलीज़ के दूसरे शुक्रवार तक फिल्म ने करीब 22 करोड़ 65 लाख रूपये का कारोबार कर लिया है। इससे पहले रितेश देशमुख की मराठी फिल्म लय भारी ने अच्छा कलेक्शन किया था। इसके अलावा सैराट फिल्म ने मराठी फिल्म इंडस्ट्री में करीब 100 करोड़ रूपये की कमाई की थी, देखना दिलचस्प होगा कि क्या वेड सैराट के कलेक्शन को पार करके सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मराठी फिल्म बनेगी।

अवतार: द वे ऑफ़ वाटर कलेक्शन

जेम्स कैमेरॉन की फिल्म अवतार ने एक बार फिर से कमाल कर दिया। अवतार 2 का कलेक्शन भी बेहतरीन रहा है। इस फिल्म की रिलीज़ से ही फिल्म ने बेहतरीन कलेक्शन करना शुरू कर दिया था। जहां बहुत सी बॉलीवुड फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाई नहीं कर पा रही थी। वहीं हॉलीवुड फिल्म अवतार 2 लगातार कलेक्शन कर रही थी। अवतार 2 फिल्म के पहले हफ्ते का कलेक्शन करीब 190 करोड़ रूपये के आसपास रहा, इसके अलावा दूसरे सप्ताह में फिल्म ने करीब 100 करोड़ रूपये का कलेक्शन किया और फिल्म ने तीसरे सप्ताह में भी करीब 50 करोड़ रूपये से ऊपर का कलेक्शन किया। अब तक फिल्म ने भारत में करीब 350 करोड़ रूपये का कलेक्शन कर लिया है। जेम्स कैमेरॉन इससे पहले टाइटेनिक फिल्म से 2 बिलयन डॉलर का कारोबार कर चुके हैं, वहीं अवतार 2 ने भी अब तक कुल 1.6 बिलियन डॉलर का कारोबार कर लिया है।

सर्कस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

रणवीर सिंह की फिल्म लगातार बॉक्स ऑफिस पर पिट रही हैं। लगातार उनके तीन शुक्रवार खराब हुए हैं। चाहे वो 83 हो, जयेशभाई जोरदार हो और हाल ही में रिलीज़ हुई सर्कस तीनों के कलेक्शन बेहद खराब रहे हैं। सर्कस फिल्म को रिलीज़ हुए तीन शुक्रवार बीत चुके हैं, लेकिन फिल्म अब तक 40 करोड़ रूपये का भी कारोबार नहीं कर पाई है। फिल्म अपने तीसरे शुक्रवार को मात्र 25 लाख का कारोबार करती है और अब तक इस फिल्म का कुल कारोबार करीब 35 करोड़ 70 लाख रूपये के आसपास है।

दृश्यम 2 और भेड़िया बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

अजय देवगन की फिल्म थैंकगॉड भले ही बॉक्स ऑफिस पर न चली हो लेकिन दृश्यम 2 ने फिल्म पर जो कमाई की उसने बता दिया कि अगर कंटेंट में दम होगा तो फिल्म कमाई, जरूर करेगी। दृश्यम 2 फिल्म ने अपने रिलीज़ के 8वें शुक्रवार में भी करीब 40 लाख रूपये का कलेक्शन किया है जो कि हाल ही में रिलीज़ सर्कस फिल्म से अधिक है। दृश्यम 2 का कुल कलेक्शन अब तक करीब 230 करोड़ रूपये के आसपास हुआ है और ये एक ब्लॉकबस्टर फिल्म बनकर उभरी है। इसके अलावा वरुण धवन की फिल्म धीरे-धीरे बॉक्स ऑफिस पर कमाई कर पाई और फिल्म की कुल कमाई करीब 89 करोड़ रूपये के आसपास हुई है।

Exit mobile version