News Room Post

Cirkus Box Office : ‘इस फ़िल्म को और नहीं झेल सकते’ ‘हमारे पैसे वापस दो’ बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी रणवीर सिंह की सर्कस, फ़िल्म देख यूजर्स ने ऐसे दिया रिएक्शन

मुंबई। बीते कई वर्षों से बॉलीवुड में फ्लॉप फिल्मों की झड़ी लगी है। आमिर खान, सलमान खान, शाहरुख खान जैसे बड़े स्टार भी जब अपने स्टारडम के सहारे अपनी फिल्में हिट नहीं करवा सके तो ‘द कश्मीर फाइल्स’ जैसी फ़िल्म ने अप्रत्याशित कमाई की। अब बाॉलीवुड की एक और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई है। साल के आखिरी शुक्रवार (23 दिसंबर 2022) को रिलीज़ हुई फिल्म सर्कस को पहले ही दिन दर्शक नहीं मिले। मल्टीस्टारर फिल्म में अभिनेता रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं जबकि फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया है। पहले दिन फिल्म ने सिर्फ ₹6 करोड़ की कमाई की।

आपको बता दें कि रोहित शेट्टी निर्देशित फिल्में एक्शन और अच्छी कॉमेडी के लिए जानी जाती हैं। मास एन्टरटेनर फिल्म बनाने के लिए मशहूर रोहित इस बार फेल होते नजर आ रहे हैं। बॉक्स ऑफिस इंडिया के आँकड़ों की मानें तो फिल्म ने पहले दिन सिर्फ 6-6.25 करोड़ का कारोबार किया। फिल्म को महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों में भी उम्मीद के मुताबिक दर्शक नहीं मिल पा रहे हैं।

वहीं अब रणवीर सिंह की सर्कस को फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने आउडेटिड करार दिया है। उन्होंने ट्विटर पर अपने रिव्यू में सर्कस फिल्म को आउटडेटेड करार दिया। उन्होंने फिल्म को 2 स्टार देते हुए लिखा कि फिल्म में मनोरंजन और हास्य की कमी है। उन्होंने लिखा कि दूसरे भाग में कुछ मज़ेदार दृश्य हैं लेकिन स्पार्क नहीं मिल सका है।

वहीं ट्विट्टर पर तो जो लोग गलती से फिल्म देखने पहुँच गए वो अपना माथा पीटने में लगे हुए हैं। सर्कस का पहला शो खत्म होते ही दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपने रिव्यू और पोस्ट करने शुरू कर दिए। एक यूजर को फिल्म इतनी बुरी लगी कि उसने अपने पैसे तक वापस दिए जाने की मांग कर डाली।

इसके साथ ही फ़िल्म को मिल रहे निगेटिव रिव्यूज के बीच ट्विटर पर यूजर ने लिखकर अपना दर्द बयां करते हुए कहा, “थिएटर से बाहर आ गया और अब मुझे अपने पैसे वापस चाहिए। रोहित शेट्टी की फिल्म में इतने बोरिंग, बर्दाश्त से बाहर, बकवास, फालतू गाने की कभी उम्मीद नहीं की थी। फिल्म की सबसे बुरी बात है रणवीर सिंह का डबल रोल और उनकी आवाज बहुत इरिटेटिंग है।” इस यूजर ने अंत में फिल्म को 5 से में 1 रेटिंग भी प्रदान की है।

गौर करने वाली बात तो ये है कि रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित इस फिल्म के ट्रेलर को भी दर्शकों का उतना रिस्पॉन्स नहीं मिला जो आम तौर पर उनकी फिल्मों में देखने को मिलता है। अभिनेता रणवीर सिंह भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रहे। उनकी पिछली फिल्मों की बात करें तो 1983 क्रिकेट वर्ल्ड कप पर बनी फिल्म ’83’ भी बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी थी। पिछले दिनों आई फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार भी’ बड़ी फ्लॉप साबित हुई थी। कुल मिलाकर रणवीर सिंह भी असफल फिल्मों की हैट्रिक बनाने वाले स्टार बनकर सामने आए हैं।

Exit mobile version