News Room Post

Nitin Desai: नितिन देसाई को श्रद्धांजलि देने पहुंचे CM एकनाथ शिंदे, आज किया जाएगा आर्ट डायरेक्टर का अंतिम संस्कार

नई दिल्ली। बॉलीवुड के जाने-माने आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने बुधवार को अपने करजत स्थित ND स्टूडियो में आत्महत्या कर ली। नितिन का यूं दुनिया से चले जाना पूरे सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। शुक्रवार यानि कि आज नितिन का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार से पहले सिनेमा और राजनीती के कई चेहरे नितिन के अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री अजित पवार भी नितिन के अंतिम दर्शन को पहुंचे। एकनाथ शिंदे और पवार ने मुंबई के जेजे हॉस्पिटल पहुंचकर नितिन देसाई को श्रद्धांजलि दी।

रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार आज शाम 4 बजे नितिन देसाई का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार से पहले नितिन के पार्थिव शरीर को दोपहर 12 से 2 बजे तक उनके एनडी स्टूडियो में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। फ़िलहाल पोस्टमॉर्टम के बाद से नितिन का शव जेजे हॉस्पिटल में है। आज सुबह महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने जेजे हॉस्पिटल पहुंच कर नितिन देसाई को श्रद्धांजलि दी।

नितिन देसाई की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आ चुकी है, जिसमें मौत का असली कारण सुसाइड ही बताया गया है। जानकारी के मुताबिक नितिन की बेटी सहित परिवार के कुछ लोग विदेश से आने वाले हैं। उनके आने के बाद आर्ट डायरेक्टर नितिन के पार्थिव शरीर को करजत स्थित उनके एनडी स्टूडियो ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

एनडी स्टूडियो के लिए सेट डिजाइन करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि नितिन ने अपने मौत का सेट खुद डिजाइन किया था। वहां मौजूद लोगों के मुताबिक नितिन देसाई ने एक बड़ा सा धनुष बाण बनाया था। इसी धनुष बाण के बीच में नितिन देसाई ने लटककर आत्महत्या की है। बता दें कि वहां कसे पुलिस को एक टेप रिकॉर्डर भी मिला, जिसमें उनका सुसाइड नोट भी है।

Exit mobile version