नई दिल्ली। दिनेश लाल यादव उर्फ़ निरहुआ भोजपुरी इंडस्ट्री के जुबली स्टार है क्योंकि फैंस ने हमेशा उन्हें सिर-माथे पर बैठा कर रखा है। हाल ही में निरहुआ मराठी बनाम हिंदी की जंग में कूदे हैं, जिसमें उन्होंने राज ठाकरे और उद्वव ठाकरे को चुनौती दी है कि वो उन्हें मुंबई से बाहर निकाल कर दिखाएं। इसी बीच बिहार में निरहुआ का जलवा देखने को मिल रहा है।उनकी फिल्में आज भी सिनेमाघरों में अपना जलवा बिखेरना का दम रख रही हैं। तो चलिए जानते हैं कि एक्टर की फिल्म क्या कमाल कर रही हैं।
रिलीज हुआ हमार नाम बा कन्हैया फिल्म
निरहुआ ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जो बिहार के सीतामढ़ी का है। वीडियो में सिनेमाघर के बाहर दर्शकों की भीड़ लगी है और “हमार नाम बा कन्हैया” का बड़ा सा पोस्टर भी लगा है। फैंस की भीड़ ने निरहुआ को चारों तरफ से घेरा है और निरहुआ की सुरक्षा के लिए कई पुलिसकर्मी भी खड़े हैं। फैंस निरहुआ की वीडियो बना रहे हैं और सेल्फी भी ले रहे हैं। बता दें कि निरहुआ की फिल्म “हमार नाम बा कन्हैया” 4 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और फिल्म का क्रेज सिनेमाघरों में देखने को मिल रहा है।
फैंस लुटा रहे प्यार
एक्टर के फैंस के साथ अपनी वीडियो पोस्ट कर लिखा- हमार नाम बा कन्हैया..सीतामढ़ी से। सोशल मीडिया पर भी फैंस निरहुआ पर प्यार लुटा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- बहुत ही शानदार फिल्म है भैया..। एक दूसरे यूजर ने लिखा- आप की ये फिल्म निरहुआ हिंदुस्तानी की तरह ही हिट होने वाली है। एक अन्य ने लिखा- वाह भैया, क्या कमाल की फिल्म है आपकी। काम की बात करें तो इससे पहले एक्टर की जुगल मास्टर नाम की फिल्म भी रिलीज हुई थी।