नई दिल्ली। कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाले डांस रियलिटी शो ‘डांस दीवाने 3’ की अलग-अलग थीम होती है। इस बार शो में मीका सिंह और दलेर मेहंदी बतौर गेस्ट शामिल होने वाले हैं। कलर्स की तरफ से दर्शकों के लिए शो की कुछ झलकियां प्रोमो में दिखाई गई हैं। जिसमें मस्ती-मजे के साथ ही दलेर मेहंदी को इमोशनल होते हुए देखा जा सकता है।
कलर्स टीवी ने शो का प्रोमो जारी करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘दलेर मेहंदी और मीका सिंह पाजी के साथ कुछ हंसा देने वाले, कुछ इमोशनल, कुछ तो मस्ती भरे पल बचपन के फिर करेंगे हम याद. देखिए बचपन स्पेशल.’
कलर्स टीवी ने द्वारा जारी शो के प्रोमो से ये साफ है कि इस बार थीम बचपन पर होने जा रही है। इस प्रोमो में एक परफॉर्मेंस पर दलेर काफी भावुक होते दिखाई दे रहे हैं फिर उनके आंखों से आंसू भी निकल जाते हैं।
वहीं दलेर मेहंदी को भावुक होते देख मीका सिंह उनके पास पहुंचते हैं और उन्हें संभालने की कोशिश भी करते हैं। कलर्स टीवी द्वारा शेयर किए गए इस प्रोमो को सोशल मीडिया यूजर्स का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। वीडियो को अब तक 70 हजार से अधिक बार देखा गया है वहीं कई यूजर्स के कमेंटस भी आए हैं।