News Room Post

Akshay Kumar Gets Indian Citizenship: बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार को मिली भारत की नागरिकता, झूम उठे फैंस

akshay kumar

मुंबई। बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार के लिए भारत का 77वां स्वतंत्रता दिवस नया दिन लेकर आया है। अक्षय कुमार को भारत की नागरिकता मिल गई है। अक्षय कुमार ने इसकी जानकारी खुद ट्विटर पर दी। अक्षय कुमार को भारतीय नागरिकता मिलने से उनके फैंस भी काफी खुश हैं। अक्षय कुमार के पास पहले भारत की नागरिकता नहीं थी। इसी वजह से कई बार सोशल मीडिया पर उनको सवालों का सामना भी करना पड़ा था। अब भारत की नागरिकता मिलने के बाद अक्षय कुमार पर विदेशी होने के जो भी तोहमत लगते रहे हैं, उनसे बॉलीवुड के खिलाड़ी एक्टर को निजात मिल जाएगी।

अक्षय कुमार ने ट्विटर पर अपनी भारतीय नागरिकता के दस्तावेज की फोटो शेयर की है। इसमें वो हाथ में एक फाइल लिए दिख रहे हैं। फाइल में भारतीय नागरिकता का सर्टिफिकेट है। अक्षय कुमार ने ये फोटो ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा कि दिल और नागरिकता, दोनों हिंदुस्तानी। इसके साथ ही उन्होंने जय हिंद कहते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दी हैं। अक्षय कुमार के पास पहले कनाडा की नागरिकता थी। वो फिल्मों में आने से पहले कई साल थाईलैंड में भी रहे हैं। अक्षय कुमार के ससुर गुजरे दौर के सुपरस्टार रहे राजेश खन्ना थे। उनकी बेटी ट्विंकल से अक्षय कुमार ने शादी की है।

अक्षय कुमार को भारत की नागरिकता मिलने पर उनके फैंस भी उत्साहित और खुश हैं। रूपा मूर्ति नाम की यूजर ने अक्षय को भारत की नागरिकता और उनकी फिल्म ओएमजी-2 के लिए बधाई दी है। इसी तरह उपमन्यु भट्टाचार्य ने अक्षय के लिए लिखा है कि अब आपको देशभक्ति दिखाने के लिए वैसी फिल्मों में काम नहीं करना होगा। हम चाहते हैं कि आप फिर कॉमेडी वाली फिल्में करें। सुमित चौधरी ने लिखा है कि आपको विवाद से आखिरकार मुक्ति मिल गई। वहीं, मोहित गुप्ता ने लिखा है कि अब विरोध करने वालों की बोलती बंद हो जाएगी। अक्षय के फैंस ने और किस तरह प्रतिक्रिया दी है, वो आप उनके ट्वीट के रिप्लाई सेक्शन में जाकर देख सकते हैं।

Exit mobile version