मुंबई। फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर अपने बयान के लिए माफी मांग ली है। अनुराग कश्यप ने लिखा है कि वो अपनी मर्यादा भूल गए थे। अनुराग कश्यप ने कहा कि ब्राह्मणों के बारे में उनके बयान उनके परिवार के लोग और वे बुद्धिजीवी तक आहत है, जिनकी वो इज्जत करते हैं। अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर अपने लंबे पोस्ट में लिखा है कि उन्होंने ब्राह्मणों के बारे में बयान देकर अपने ही मुद्दे को भटका दिया। फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने ये भी लिखा है कि आवेश में किसी की घटिया टिप्पणी पर ब्राह्मण समाज को भला-बुरा कह दिया। देखिए, अनुराग कश्यप ने और क्या लिखा है।
अनुराग कश्यप ने बीते दिनों एक पोस्ट पर भड़कते हुए रिप्लाई किया था। जिसमें उन्होंने लिखा था कि ब्राह्मणों पर पेशाब करेंगे। फिल्ममेकर के इस रिप्लाई के बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ माहौल बन गया था। अनुराग कश्यप ने इसके बाद एक और पोस्ट लिखकर ये आरोप लगाया था कि उनके घर की महिलाओं को रेप करने की धमकी दी जा रही है। साथ ही अपनी सफाई भी दी थी, लेकिन उसमें भी ब्राह्मणों के बारे में लिख दिया था। अनुराग कश्यप के खिलाफ मोदी सरकार में मंत्री सतीश चंद्र दुबे भी मैदान में उतरे थे। मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा था कि अगर अनुराग कश्यप ने माफी न मांगी, तो उनको अंजाम भुगतना होगा।
अनुराग कश्यप के ब्राह्मणों के बारे में दिए गए अशालीन बयान का मसला मुंबई पुलिस तक भी गया था। मुंबई के पुलिस कमिश्नर को अनुराग कश्यप के बयान के बारे में शिकायत दी गई थी। उसके बाद से ही अनुराग कश्यप खामोश थे। अब उन्होंने ताजा पोस्ट कर ब्राह्मण समाज से माफी मांग ली है। अनुराग कश्यप गैंग्स ऑफ वासेपुर जैसी तमाम फिल्में बना चुके हैं। उनके फिल्म निर्देशन प्रतिभा की लोग तारीफ भी करते रहे हैं।