News Room Post

Virat-Anushka: काले हेलमेट में मुंह छिपाकर मुंबई की सड़कों पर की तफरीह, स्कूटी पर घूमते नजर आए विरुष्का

नई दिल्ली। बारिश के सुहावने मौसम में अपने हमसफर के साथ स्कूटी या बाइक पर बैठकर एक लंबी राइड पर जाने का मजा ही अलग होता है। ऐसा नहीं हैं कि जिनके पास कार या कोई महंगी गाड़ी नहीं है, मजबूरी में वही टूव्हीलर राइड का लुत्फ उठाते हैं। जो लोग अच्छे खासे अमीर हैं वो भी अपनी कार को दरकिनार कर टूव्हीलर पर राइड का मजा लेने के लिए घर से निकल पड़ते हैं। ये आम इंसान के लिए कठिन नहीं है उनका जब भी मन करता है आसानी से एक लंबी राइड प्लान कर लेते हैं। लेकिन वहीं, सेलिब्रिटीज के लिए ये केवल एक सपना बन कर रह जाता है। वो बिना सिक्योरिटी कहीं आ जा नहीं सकते। उनकी प्राइवेसी खत्म हो जाती है। हर जगह उनके फैन्स उन्हें आकर घेर लेते हैं। ऐसे में उनके प्लान और मूड की ऐसी की तैसी हो जाती है। इन सब बातों का ख्याल करते हुए ये लोग ऐसे प्लान बनाते ही नहीं। लेकिन बॉलीवुड में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इस तरह के डेयर करने के लिए तैयार रहते हैं। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी, बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा की गिनती ऐसे ही लोगों में होती है।

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा मुंबई की सड़कों पर स्कूटी से घूमते नजर आए। उन्होंने काले रंग के हेल्मेट से मुंह को कवर किया हुआ था। चेहरा ढ़का होने के बावजूद उनके फैन्स ने उन्हें पहचान लिया। इसे उनका स्टारडम ही कहा जाएगा। सड़क पर तफरी मारते इस कपल का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संभव है कि कई लोगों ने उन्हें देखा भी होगा लेकिन पहचान न पाए होंगे और अब सोशल मीडिया पर देखकर हैरान हो रहे होंगे। गौरतलब है कि विराट कोहली टीम इंडिया के साथ जिम्बाब्वे दौरे पर नहीं गए हैं।

वो वेस्टइंडीज के दौरे पर भी टीम इंडिया का हिस्सा नहीं थे। मिली जानकारी के अनुसार, विराट 27 अगस्त से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में शुरू होने वाले मिनी वर्ल्ड कप यानी एशिया कप-2022 के लिए टीम में वापसी करेंगे। दौरे पर न होने के वावजूद मुंबई में उन्होंने अपनी प्रैक्टिस जारी रखी है।

Exit mobile version